संजू हत्या कांड के दोषमुक्त फैसला के खिलाफ अपील करेंगे: गर्ग आईजी

आईजी रामगोपाल ने कहा जांच में लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई

बिलासपुर.  संजू त्रिपाठी हत्याकांड मामले के सभी 22 आरोपियों को दोषमुक्त का फैसला आने के बाद पुलिस जांच को लेकर जनता के बीच तरह-तरह की बातें शुरू हो गई हैं। पुलिस की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने लगे हैं। इस दौरान संजू त्रिपाठी की पत्नी किरण त्रिपाठी ने भी पुलिस पर पैसे के प्रभाव में आकर काम करने का आरोप लगा चुकी है। मंगलवार को बिलासपुर रेंज आईजी रामगोपाल गर्ग ने भी कहा कि दोषमुक्ति के निर्णय के विरुद्ध अपील करने की कार्रवाई की जाएगी।
आईजी श्री गर्ग ने कहा कि न्यायालय के फैसले की समीक्षा कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। दोषमुक्ति के निर्णय के विरुद्ध अपील के आधार तय कर अपील करने कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि मामले की विवेचना में पुलिस अधिकारियों की ओर से कोई त्रुटि या कोताही सामने आती है तो उसके लिए भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत जिम्मेदारी तय की जाएगी। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार प्रत्येक माह दोषमुक्ति के मामलों की समीक्षा की जाती है। इस प्रकरण की भी समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

नए कानून के तहत विवेचना होगी
आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों के तहत भारत सरकार और राज्य सरकार के निर्देशानुसार जब्ती और अन्य कार्रवाई में ई-साक्ष्य के उपयोग पर जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य साक्ष्यों को अधिक विश्वसनीय बनाना और अदालत में गवाहों के मुकरने जैसी समस्याओं से निपटना है। तकनीक के इस्तेमाल से विवेचना की उन कमियों को धीरे-धीरे दूर किया जा सकेगा, जिनका लाभ आरोपियों को मिलता रहा है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *