इतिहास में आज : मां की बीमारी के कारण 9 साल की उम्र से काम करने लगे थे दुनिया को हंसाने वाले चार्ली चैपलिन, पढ़ाई भी छूटी
चार्ली चैपलिन का नाम तो सुना होगा। एक ऐसे मसखरे आर्टिस्ट जिन्होंने अपनी एक्टिंग से दुनिया को खूब हंसाया। आज ही के दिन 1914 में चार्ली की पहली फिल्म आई थी। इसका नाम ‘मेकिंग अ लिविंग’ था। इसमें उन्होंने एक ठग की भूमिका निभाई। फिल्म को हेनरी लेहरमन ने लिखा और डायरेक्ट किया था। ये फिल्म 15 मिनट की थी। फिल्म का जॉनर कॉमेडी था और ये पूरी तरह से साइलेंट मूवी थी, मतलब इसमें आवाज नहीं थी, सिर्फ एक्शन और एक्सप्रेशन था। इस फिल्म में चार्ली ने अपनी एक्टिंग से लोगों को खूब हंसाया था।
चार्ली का जन्म 16 अप्रैल 1889 को लंदन के एक बेहद गरीब परिवार में हुआ था। पूरा नाम चार्ल स्पेंसर चैपलिन था। जब वह बेहद छोटे थे, तब उनके माता-पिता में डिवोर्स हो गया था। मां मानसिक बीमारी का शिकार हो गईं। घर चलाने का बोझ पड़ा तो चार्ली को बचपन में पढ़ाई भी छोड़नी पड़ी। 9 साल की उम्र में ही उन्होंने काम करना शुरू कर दिया। एक्टिंग का शौक था, तो बतौर स्टेज एक्टर और कॉमेडियन अपनी किस्मत आजमाने लगे। उनकी एक्टिंग देखकर अमेरिका की एक कंपनी ने साइन कर लिया। इसके बाद वे अमेरिका शिफ्ट हो गए। उनकी फुल लेन्थ फिल्म 1921 में ‘द किड’ नाम से आई। उनकी फेमस फिल्मों में अ वुमन ऑफ पेरिस, द गोल्ड रश, द सर्कस, सिटी लाइट्स, मॉर्डन टाइम्स रही हैं। आज भी इन फिल्मों को बहुत पसंद किया जाता है।
चार्ली की प्रोफेशनल लाइफ से जुड़ा एक बड़ा विवाद रहा है। ये फिल्म थी – द ग्रेट डिक्टेटर। इसमें चार्ली ने एडोल्फ हिटलर का रोल निभाया था। उनके ऊपर कम्युनिस्ट होने के आरोप लगे। इसके बाद उन पर FBI की जांच बैठा दी गई। अमेरिका छोड़ने के बाद चार्ली स्विट्जरलैंड जाकर बस गए थे। चार्ली ने 4 शादी की थी, उनके 11 बच्चे थे। चार्ली के फैन साइंटिस्ट अल्बर्ट आइंस्टीन और ब्रिटेन की महारानी थे, जबकि चार्ली खुद महात्मा गांधी से काफी प्रभावित थे। उनकी मौत के बाद उनका शव चोरी हो गया था। हालांकि बाद में उसे बरामद किया गया। इसके बाद उनका शव 6 फीट की कंक्रीट से बनी कब्र में दफनाया गया था।
भारत और दुनिया में 2 फरवरी की महत्वपूर्ण घटनाएं इस प्रकार हैंः
2004: मशहूर टेनिस प्लेयर रोजर फेडरर 237 हफ्तों तक दुनिया के नंबर वन खिलाड़ी रहे। ये अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
2002: अमेरिकी पत्रकार डेनियल पर्ल की किडनैपिंग मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
1999: ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मार्क टेलर ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया।
1990: अफ्रीकी नेशनल कांग्रेस पर 30 साल से लगा बैन हटा। इसके कुछ दिनों बाद नेल्सन मंडेला को जेल से रिहा किया गया।
1915: खुशवंत सिंह का जन्म आज ही के दिन पाकिस्तान स्थित हलदाई में हुआ था।
1862: शंभूनाथ पंडित कोलकाता सुप्रीम कोर्ट के पहले भारतीय चीफ जस्टिस बने।
1814: कोलकाता म्यूजियम की स्थापना हुई।