एक क्लिक में पढ़े बिलासपुर की ख़ास ख़बरें…

मासिक रेडियो वार्ता लोकवाणी का प्रसारण 10 जनवरी रविवार को होगा : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मासिक रेडियो वार्ता लोकवाणी की 14वीं कड़ी का प्रसारण 10 जनवरी रविवार को होगा। मुख्यमंत्री श्री बघेल लोकवाणी में इस बार युवाओं से बातचीत करेंगे। लोकवाणी का प्रसारण छत्तीसगढ़ स्थित आकाशवाणी के सभी केंद्रों, एफएम रेडियो और क्षेत्रीय समाचार चैनलों से सुबह 10.30 से 11 बजे तक होगा।
संभागीय कोविड अस्पताल से आज डिस्चार्ज हुए छः मरीज : सिविल सर्जन सह अस्पताल मुख्य अधीक्षक से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज संभागीय कोविड अस्पताल बिलासपुर में भर्ती छः मरीजों को इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। अस्पताल में 2 नये मरीज भर्ती किए गए हैं। ये दोनों मरीज बिलासपुर के हैं। वर्तमान में कोविड अस्पताल में 18 मरीज भर्ती है जिसमें 16 पुरूष और 2 महिला हैं। भर्ती मरीजों में बिलासपुर के 12, मुंगेली के 3, मरवाही, जांजगीर-चांपा और बलौदाबाजार के एक-एक मरीज हैं। अभी तक 1642 मरीजों को भर्ती किया जा चुका है, जिसमें से 1467 मरीज डिस्चार्ज, 54 मरीज रिफर तथा 103 मरीजों की मृत्यु हुई है।
व्यायाम शाला के लिये आवेदन 10 जनवरी तक : राज्य के नागरिकों विशेषकर ग्रामीण अंचलों एवं अनुसूचित क्षेत्र के नागरिकों को शारीरिक स्वास्थ्य एवं नियमित व्यायाम की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी। छत्तीसगढ़ शासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा ग्रामीण एवं शहरी अंचलों के व्यायाम शालाओं में जिम उपकरण प्रदाय करने हेतु जिले की सीमांतर्गत समस्त ग्रामीण एवं शहरी अंचलों के शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं से 10 जनवरी 2021 तक आवेदन आमंत्रित किये गये हैं। जिला बिलासपुर के सीमांतर्गत वित्तीय वर्ष 2020-21 के लिये जिला स्तरीय व्यायाम शाला समिति द्वारा चयनित किन्हीं 2 संस्थाओं को 2 लाख रूपये के व्यायाम शाला, जिम उपकरण प्रदान किये जायेंगे।
व्यायाम शाला प्रारंभ करने हेतु शासकीय एवं अशासकीय जो व्यायाम शाला प्रारंभ करने के इच्छुक हों, उन्हें निर्धारित प्रपत्र में आवेदन 10 जनवरी 2021 तक प्रस्तुत करना होगा। सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण जिला खेल परिसर सीपत रोड सरकंडा कार्यालय से कार्यालयीन दिवसो में शाम 5 बजे तक प्राप्त किये जा सकते हैं। आवेदक संस्था यदि अशासकीय संस्था हो तो, फर्म एवं सोसायटी एक्ट के तहत पंजीयन होना अनिवार्य है। आवेदक संस्था के आधिपत्य एवं स्वामित्व में व्यायाम शाला प्रारंभ करने हेतु पर्याप्त आकार के कक्ष उपलब्ध होना चाहिये। आवेदक संस्था को उपरोक्त कक्ष में व्यायाम शाला प्रारंभ करने तथा उक्त व्यायाम शाला का सामुदायिक उपयोग करने की सुविधा प्रदान करने हेतु सहमत होना चाहिये।