कलेक्टर ने रोका-छेका अभियान के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को दी बधाई

बलरामपुर/धीरेन्द्र कुमार द्विवेदी. कलेक्टर  श्याम धावड़े ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में राज्य शासन के महत्वाकांक्षी रोका-छेका अभियान के सफलतापूर्वक आयोजन के लिए अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने गौठान के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों से गौठान समिति को सक्रिय करने तथा गौठान में ग्रामीणों एवं महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिये। गृहनिर्माण मण्डल द्वारा निर्माणाधीन शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों के आवासों को जल्द पूर्ण कर हस्तांतरित करने को कहा। उन्होंने रेशम उत्पादन तथा कोसा उद्योग की जानकारी लेते हुए इसका विस्तार करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिये। मौसम के अनुकूलता को देखते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के निर्देश वन विभाग के अधिकारियों को दिये। उन्होंने जिला खनिज न्यास मद से किये जा रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की जानकारी ली। संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर   श्याम धावड़े ने रोका-छेका के सफल आयोजन हेतु अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारी एक बार पुनः अपने संबंधित गौठान का भ्रमण कर गौठान प्रबंधन समिति तथा ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने के लिए उन्हें प्रोत्साहित करें। रेशम विभाग के अधिकारी से चर्चा करते हुए उन्होंने रेशम उत्पादन के लिए उपलब्ध नर्सरियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि डाबा एवं रैली कोसा के लिए यहां जलवायु अनुकूल है, इस दिशा में कार्ययोजना तैयार कर प्रयास करने की आवश्यकता है। कलेक्टर  धावड़े ने कुकुन बैंक की स्थापना के बारे में पूछा तथा रिली मशीन के द्वारा रेशम उत्पादन की जानकारी एवं संभावनाओं पर चर्चा भी की। उन्होंने जिले में कोसा निर्माण से जुडे़ स्व सहायता समूह तथा बुनकर सहकारी समिति के बारे में जानकारी लेते हुए अन्य समूहों को भी इससे जोड़कर आजीविका प्रदाय करने हेतु प्रोत्साहित करने को कहा। कलेक्टर ने अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों से राजस्व संहिता 6-4 से जुड़े प्रकरणों के निराकरण उपरांत स्वीकृत सहायता राशि को संयुक्त खाते के माध्यम से हस्तांतरित करने को कहा। उन्होंने पशु पालन एवं कृषि विभाग द्वारा आगामी फसल एवं पशुधन के देखभाल के लिए की गई तैयारियों तथा संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी ली। महाप्रबंधक उद्योग से फूडपार्क के लिए भूमि आबंटन से जुड़ी प्रक्रियाओ को जल्द पूर्ण करने को कहा। कलेक्टर ने जिला आबकारी अधिकारी को अवैध शराब की बिक्री को प्रतिबंधित करने हेतु कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश देते हुए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न करने के निर्देश दिये। राजस्व अधिकारी अतिक्रमण से जुड़े मामलों को जल्द से जल्द निराकृत करें। उन्होंने सभी जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली, ग्राम पंचायत, आंगनबाड़ी भवन तथा धान चबुतरे के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिये। कलेक्टर  श्याम धावड़े ने जिला खनिज न्यास द्वारा वित्त पोषित योजनाओं तथा निर्माण कार्यों के बारे में विस्तारपूर्वक चर्चा की। डीएमएफ मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों को भी जल्द से जल्द पूर्ण करने को कहा। उन्होंने मौसमी बीमारी के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई तैयारियों के बारे में जानकारी लेते हुए पेयजल स्त्रोतों में क्लोरोनाईजेशन की प्रक्रिया को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिये। आगामी मौसमी बीमारियों को देखते हुए दवाईयों की पर्याप्त उपलब्धता तथा स्वास्थ्य कर्मियों को अपने संबंधित मुख्यालयों में हमेंशा उपलब्ध रहने के निर्देश दिये। उन्होंने कृषि विभाग तथा उद्यानिकी विभाग से जिले के 25-25 सफल कृषकों सूची उपलब्ध कराने को कहा। कलेक्टर ने खाद्य अधिकारी तथा श्रम पदाधिकारी को अपने अधीनस्थ खाद्य निरीक्षकों तथा श्रम निरीक्षकों को सप्ताह में 02 दिन संबंधित जनपद पंचायत कार्यालय में अनिवार्य रूप उपस्थित रहने के निर्देश दिये। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  हरीष एस. ने गौठान से जुड़े नोडल अधिकारियों को गौठान निरीक्षण के दौरान दौरान पशुओं की गौठान में उपस्थिति, पशुओं के खुले में विचरण पर प्रतिबंध, महिला समूहों द्वारा वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण तथा सामुदायिक बाड़ी से जुड़े कार्यों को विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक के अन्त में जिला प्रबंधक चिप्स  देवेश्वर कश्यप ने मुख्यमंत्री दर्पण पोर्टल के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी अधिकारियों के साथ साझा की। कलेक्टर के निर्देशन में पोर्टल में वांछित जानकारियों विशेष प्राथमिकता के साथ एन्ट्री करने के शासन के निर्देशों के बारे में बताया। बैठक में अपर कलेक्टर  विजय कुमार कुजूर, सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सर्व जिला कार्यालय प्रमुख उपस्थित थे।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!