May 29, 2020
कलेक्टर संजीव कुमार झा को दी गई विदाई
बलरामपुर/धीरेन्द्र कुमार द्विवेदी. राज्य शासन द्वारा किये गये प्रशासनिक अधिकारियों के स्थानांतरण में कलेक्टर संजीव कुमार झा को सरगुजा जिले की नई जिम्मेदारी दी गई है। संजीव कुमार झा जिला सरगुजा के नये कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में कलेक्टर संजीव कुमार झा के साथ अधिकारियों-कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल के अनुभवों को साझा किया। कलेक्टर संजीव कुमार झा का कार्यकाल कई मायनों में उल्लेखनीय रहा। प्रशासनिक कार्य कुशलता के माध्यम से अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने में उनकी क्षमता अभूतपूर्व थी। सभी अधिकारियों-कर्मचारियों ने उन्हें नये दायित्व के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा उन्हें उपहार स्वरूप स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। कलेक्टर संजीव कुमार झा ने अपने सम्बोधन में कार्यकाल के अनेक स्मृतियों एवं अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में बहुत कुछ सीखने को मिला। इस जिले में संभावनाओं और क्षमताओं की कोई कमी नहीं है और निश्चित ही यह जिला प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा। सभी अधिकारियों-कर्मचारियों के सहयोग से जिले में अनेकों कार्य हुये, जिसका लाभ आने वाले समय में मिलेगा। उन्होंने लोकसभा चुनाव, नगरीय निकाय एवं नगर पंचायत निर्वाचन, धान खरीदी, राजस्व के महत्वपूर्ण मामलों का निपटारा आदि कार्यों में अधिकारियों-कर्मचारियों के समर्पण भाव की खुल कर तारीफ की। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का सफलता से लागू कराने में जिले का प्रयास सफल रहा है। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरीष एस., वन मण्डलाधिकारी प्रणय मिश्रा, अपर कलेक्टर विजय कुजूर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत कतलम ने कलेक्टर संजीव कुमार झा के कार्यकाल के अनुभव को साझा करते हुए उनके प्रशासनिक क्षमता और व्यवहारिकता की प्रशंसा की।