केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों एवं देश में व्याप्त आर्थिक मंदी के विरोध में आज एक दिवसीय धरना प्रदर्शन

बिलासपुर. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर ग्रामीण एवं शहर का संयुक्त एक दिवसीय धरना प्रदर्शन नेहरू चौक पर आयोजित किया गया है। केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों एवं देश में व्याप्त आर्थिक मंदी के विरोध में जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन का आयोजन मंगलवार 12 नवम्बर को दोपहर 12 बजे से नेहरू चौक पर आयोजित किया गया है।  प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी, शहर अध्यक्ष नरेंद्र बोलर सहित सभी प्रदेश, जिला व ब्लॉक पदाधिकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित धरना प्रदर्शन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। उक्ताशय की जानकारी देते हुए जिला कांग्रेस प्रभारी महामंत्री एवं प्रवक्ता अनिल सिंह चौहान ने बताया कि 8 नवम्बर को प्रदेश के सभी ब्लॉकों में आयोजित धरना प्रदर्शन के बाद जिला स्तर पर 11 नवम्बर को जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाना था जो राम मंदिर के मुद्दे पर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के कारण 12 नवम्बर को दोपहर 12 बजे से आयोजित किया जा रहा है। धरना प्रदर्शन में कांग्रेस के सभी वर्तमान एवं पूर्व सांसद/ विधयक/ प्रदेश/जिला ब्लॉक के पदाधिकारी सहित सभी आनुषांगिक संगठन व प्रकोष्ठ के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं सहित जिले के किसान शामिल होंगे।   केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय पूल के धान खरीदी पर प्रतिबंध के कारण प्रदेश के किसान और सरकार चिंतित है। प्रदेश में प्रति वर्ष राज्य सरकार द्वारा समर्थन मूल्य में खरीदी गयी धान का अतिरिक्त उत्पादन केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य में खरीदा जाता था। केंद्र सरकार के प्रतिबन्ध के कारण प्रदेश कांग्रेस व किसान आंदोलित है। मोदी सरकार के अलोकतांत्रिक व दमनकारी नीतियों के कारण बेरोजगारी विगत 45 वर्षों में सर्वाधिक है। रिजर्व बैंक की संचित निधि निकालकर उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। भाजपा की केंद्र सरकार को गरीब किसान विरोधी बताते हुए कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन का आयोजन किया है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!