कड़ार में अवैध मुरुम उत्खनन को लेकर बलवा, सरपंच पति व पूर्व सरपंच के मध्य खुलकर चली लाठी व तलवार

File Photo

बिलासपुर. चकरभाठा क्षेत्र के ग्राम कड़ार में वर्तमान सरपंच पति व पूर्व सरपंच गुट के मध्य शनिवार की रात जमकर लाठी तलवार चला है। दोनों पक्षो ने एक दूसरे के खिलाफ अवैध मुरुम उत्खनन को रोकने पर मारपीट किये जाने की रिपोर्ट लिखाई है। पुलिस ने दोनों पक्षो के खिलाफ बलवा का अपराध दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम पंचायत कड़ार के सरपंच पति ब्रजेश दुबे को शनिवार की रात पूर्व सरपंच अश्वनी मिश्रा द्वारा भुसदिभाठा में अवैध मुरुम उत्खनन की जानकारी मिली। इस पर वह अपने साथियों के मुरुम उत्खनन बंद कराने मोके में गया था। वहां पूर्व सरपंच अश्वनी मिश्रा, राजकुमार दुबे, धर्मेंद्र वर्मा, मनीष दुबे, पुरषोत्तम साहू ने उसके ऊपर लाठी व रॉड से हमला कर दिया। ब्रजेश दुबे की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 147, 148, 294, 323, 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

दूसरी ओर राजकुमार दुबे ने सरपंच पति व उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि सरपंच पति ब्रजेश दुबे अवैध मुरुम उत्खनन करा रहा था। मुरुम निकलने से मना करने पर ब्रजेश दुबे उसका साथी संजीव पांडे, गोलू पांडे, चंद्रशेखर पांडे, बबलू वर्मा व ओमप्रकाश विश्वकर्मा ने लाठी, रॉड से हमला कर दिया। दोनों पक्षो ने लाठी, रॉड से एक दूसरे पर हमला किया है। राजकुमार की रिपोर्ट पर पुलिस ने सरपंच पति ब्रजेश व उसके साथियों के खिलाफ धारा 147,148, 294, 323, 506 के तहत जुर्म दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!