घर वापस आने के लिये पैसे नहीं थे, सरकार ने देवदूत बनकर की मदद
बिलासपुर. ईंट भट्ठा में काम करने गुजरात गए विरेन्द्र का लाॅकडाउन में बुरा हाल था। जो पैसे उसने वहां कमाये थे, वह धीरे-धीरे खत्म हो गए थे। गुजरात से अपने गांव आने के लिये न कोई साधन था और न ही पैसे ही थे। उसकी चिंता बढ़ती जा रही थी। क्योंकि उसके साथ-साथ मां, बहन, भाई और उसके बच्चे भी इस परेशानी से गुजर रहे थे। तभी छत्तीसगढ़ सरकार ने देवदूत बनकर उनकी मदद की और उन्हें घर पहुंचाने के लिये ट्रेन की व्यवस्था की।
यह कहना है मस्तूरी विकासखंड के ग्राम डगनिया के श्री विरेन्द्र पाटले का। जो आज अहमदाबाद से बिलासपुर स्पेशल श्रमिक ट्रेन से बिलासपुर पहुंचा। अपनी जमीन पर कदम रखते ही उसकी सारी चिंता दूर हो गई है। विरेन्द्र ने कहा कि यदि सरकार उन्हें नही लाती तो उनका वापस लौटना संभव नहीं था। जांजगीर जिले के ग्राम हेड़सपुर के श्रमिक श्री जागेश्वर खरे भी अपने परिवारवालों के साथ 6 माह पूर्व गुजरात गया था। गांव में थोड़ी सी जमीन है।
जिसमें उसका परिवार खेती करता है। खेती से गुजारा नहीं होता इसलिये वह विगत 10 वर्षों से ईंट भट्ठे में काम करने हर वर्ष चार महीने के लिये गुजरात जाता है। वह भी विगत एक माह से गुजरात में खाली बैठा था और घर वापसी का रास्ता ढूंढ रहा था। छत्तीसगढ़ सरकार से समय पर मदद मिली। अब वह सीजन में खेती किसानी भी कर पाएगा। इसी तरह जोगेश्वर खरे, अशोक मोहले, चैतराम, रवि सोनवानी, चित्रपाल आदि श्रमिक भी बहुत खुश हैं और वे छत्तीसगढ़ सरकार के आभारी हैं। जिसने सही समय पर उनके लिये ट्रेन की व्यवस्था की और घर वापसी की राह आसान की।
प्रवासी श्रमिकों के लिये अपर कलेक्टर श्री साहू नोडल अधिकारी नियुक्त : रेल मार्ग से विभिन्न प्रदेशों, जिलों से आने वाले प्रवासी श्रमिकों, यात्रियों को रेल्वे स्टेशन से बस एवं अन्य गाड़ियों के माध्यम से उनके गृह ग्राम, गृह जिला के सीमा तक भिजवाने हेतु श्री बी.सी.साहू अपर कलेक्टर बिलासपुर मोबाईल नंबर 9425204172 को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। श्री साहू संबंधित जिले के नोडल अधिकारी से समन्वय कर कार्य करेंगे।
प्रवासी श्रमिकों के परिवहन हेतु दिव्या अग्रवाल प्रभारी अधिकारी : रेल मार्ग से बिलासपुर जिले में आने वाले प्रवासी श्रमिकों को रेल्वे स्टेशन से बस एवं अन्य गाड़ियों के माध्यम से उनके गृह ग्राम भिजवाने हेतु संयुक्त कलेक्टर सुश्री दिव्या अग्रवाल को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। सुश्री अग्र्रवाल क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी से समन्वय कर कार्य करेंगी। प्रभारी अधिकारी के सहयोग हेतु श्रीमती प्रतिज्ञा राही मोबाईल नंबर 7828145003 राजस्व निरीक्षक नजूल शाखा बिलासपुर एवं श्री विजय मोहन शर्मा मोबाईल नंबर 9993395723 राजस्व निरीक्षक नजूल शाखा बिलासपुर की ड्यूटी लगाई गई है।