डबरीपारा में कोरोना पॉजिटिव महिला से फैलने लगा संक्रमण
बिलासपुर. चांटीडीह डबरीपारा में कोरोना पॉजिटिव महिला के कारण क्षेत्र में संक्रमण फैलने लगा है। दशहत के साये में लोग जीने को मजबूर हैं। प्रशासनिक लाचारी के कारण पॉजिटिव आने वाले लोग खुलेआम धूम रहे हैं, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। शहर में लगातार बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए लोग सहम गए हैं, लोगों को जरूरी काम के लिए निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्लम एरिया में संक्रमण फैलने के कारण स्थिति भयानक हो रही है।
लगातार 6 माह से कोरोना काल में लोग रोजी-रोटी से वंचित हो रहे हैं। सरकार द्वारा दिए जाने वाले अनाज के अलावा लोगों के पास कोई साधन नहीं रह गया है। लोग रोजी-रोटी के लिए दर-दर भटक रहे हैं। इधर कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सरकारी अस्पताल के अलावा निजी अस्पतालों में भी मरीजों का दाखिला नहीं मिल रहा है। घरों में रहने वाले पॉजिटिव मरीज अब आम लोगों के लिए खतरा बन रहे हैं। चांटीडीह डबरीपारा में रहने वाली महिला सिम्स अस्पताल में आया के पद पर कार्यरत है, हाल ही में उसे पॉजिटिव पाया गया है। इधर महिला अपने आप को घर में कैद करने के बजाए खुलेआम घूम रही है जिसके चलते अब मोहल्ले के लोग संक्रमण के साये में आ रहे हैं। लोगों के विरोध करने पर भी उक्त महिला किसी की एक नहीं सुन रही है। ऐसे में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या बढऩे की आशंका जताई जा रही है। सरकारी अधिकारी और जनप्रतिनिधि लगातार लोगों को समझा रहे हैं इसके बाद भी लोग जागरुक नहीं हो रहे हैं। हाट-बाजारों में भारी भीड़ उमड़ रही है, इस स्थिति में लोगों अपनी सुरक्षा स्वयं करने की आवश्यकता है।