बृजमोहन झूठे और मनगढंत आंकड़े जारी कर बयानबाजी कर रहे : कांग्रेस

रायपुर. भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल द्वारा राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाये जाने को कांग्रेस ने भाजपा की कुन्ठा बताया है। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कुछ एक अपराधिक घटनाओं को आधार बना कर प्रदेश की समूची कानून व्यवस्था को थरथराना बताने के पहले बृजमोहन अपने 15 साल की सरकार के दौरान बेलगाम कानून व्यवस्था के आंकड़ों का अध्ययन कर लें। उन्हें समझ आ जायेगा राज्य में हालात पिछले 1 वर्ष में 15 सालों से बेहतर और संतोषजनक हुये है। बृजमोहन अग्रवाल गलत बयानी कर झूठे आंकड़े जारी कर रहे हैं कि पिछले 10 महिनों में राज्य में बलात्कार के 891 मामले हुये है। बृजमोहन वरिष्ठ और जिम्मेदार राजनेता है, इस प्रकार के झूठे आंकड़े जारी कर के वे राज्य की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे है। बृजमोहन के द्वारा जारी किये गये बलात्कार के आंकड़े वास्तविक घटनाओं से तीन गुनी अधिक है। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने मुद्दाविहीन भाजपा द्वारा छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के अच्छे काम और लोकप्रियता से व्यथित होकर अपराध गढ़ का झूठा आरोप लगाया जा रहा है। बृजमोहन जो आंकड़े जारी किये है उसका सच तो ये है कि 2018 (1 जनवरी से 31 अक्टूबर) की तुलना में 2019 (1 जनवरी से 31 अक्टूबर) में अपराधों में भारी कमी आयी है। जो अपराध हुए भी हैं, छत्तीसगढ़ पुलिस ने उनको ढूंढ निकाला है। भाजपा शासन काल में तो प्रार्थी मारा-मारा फिरता था, परंतु एफआईआर ही दर्ज नहीं होती थी। पिछले वर्ष की तुलना में हत्या : 4 प्रतिशत की कमी, हत्या का प्रयास : 8 प्रतिशत की कमी, डकैती : 36 प्रतिशत की कमी, लूट : 1 प्रतिशत की कमी, धोखाधड़ी : 8 प्रतिशत की कमी, जाली नोट : 69 प्रतिशत की कमी, बलात्कार की घटनाओं में भी 40 फीसदी कमी आयी है। भाजपा नेता पहले अपने गिरेबान में झांके, फिर कांग्रेस पर आरोप लगाए। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि जिस बृजमोहन अग्रवाल की विधानसभा क्षेत्र में कर्जदार की पत्नी के साथ कर्ज वसूली के लिये सूदखोरों द्वारा सामूहिक बलात्कार होता था। जिस भाजपा के राज में महिला कांस्टेबल सुरक्षित नहीं थी, सामूहिक दुराचार की शिकार हो जाती थी। जिस भाजपा राज में झलियामारी, आमाडोला, मीना खल्को, हिड़मा मड़कम जैसी हृदय विदारक घटनायें हुई हो, वे लोग कौन से मुंह से कांग्रेस सरकार पर आरोल लगा रहे हैं? प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि राज्य के नागरिकों को अपराध विहीन भयमुक्त जीने का वातारण देना कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की प्राथमिकता है। राज्य में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिये चलाये जाने वाले सारे अभियानों की मानिटरिंग मुख्यमंत्री खुद कर रहे है। यह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की प्रदेश के महिलाओं की सुरक्षा के लिये प्रतिबद्धता को दिखाता है। 

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!