भाजपा सदस्यता अभियान : अब 18 करोड़ हुए BJP के सदस्य, दिसंबर में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव

नई दिल्ली. लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक बहुमत हासिल करने के बाद भाजपा ने अब सदस्यों के मामलों में भी नया कीर्तिमान रच दिया है। 11 करोड़ सदस्यों के साथ पहले ही दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी भाजपा सदस्यता अभियान में सात करोड़ नए लोगों को जोड़ने में सफल रही है।
6 जुलाई को श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्मदिन पर अलग-अलग स्थानों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष व गृहमंत्री अमित शाह तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया था।
राष्ट्रों की आबादी के बराबर
इसके साथ ही पार्टी के सदस्यों की संख्या 18 करोड़ हो गई। अब दुनिया के केवल सात देश- चीन, भारत, अमेरिका, इंडोनेशिया, पाकिस्तान, ब्राजील और नाइजीरिया ही ऐसे हैं, जिनकी जनसंख्या भाजपा के सदस्यों की संख्या से ज्यादा है। सदस्यता अभियान पूरा हो जाने के बाद अब भाजपा में सभी स्तरों पर संगठनात्मक चुनावों का दौर शुरू हो जाएगा और सबसे अंत में दिसंबर में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा।
जेपी नड्डा ने ने दी जानकारी
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यहां छह जुलाई से 20 अगस्त तक चले सदस्यता अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी ने केवल दो करोड़ 20 लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य रखा था, लेकिन लक्ष्य से तीन गुना से भी अधिक नए सदस्य बनाने में सफलता मिली है।
ऑनलाइन सदस्यता
इस दौरान भाजपा की ऑनलाइन सदस्यता 5,81,34,242 रिकॉर्ड की गई, वहीं ऑफलाइन फॉर्म भरकर 62,34,967 नए सदस्य जुड़े हैं। इनमें कई स्थान ऐसे भी हैं, जहां सर्वर कमजोर था और मिस्ड कॉल को डिजिटली कैप्चर नहीं किया जा सका, उसे भी अब डिजिटली अपग्रेड किया जा रहा है।
बंगाल में लक्ष्य से आठ गुना सफलता
नड्डा ने कहा कि बंगाल और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में भी भाजपा के प्रति लोगों में विशेष रुझान देखा गया। बंगाल में 10 लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य रखा गया था, जबकि यह आंकड़ा 80 लाख को पार कर गया है।
भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर स्थित जम्मू-कश्मीर के करना विधानसभा क्षेत्र के 6059 मतदाताओं ने एक साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। गुजरात के पाटन जिले के चाणस्मा नगर के 14 बूथ के सभी 10,600 मतदाताओं ने एक साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।