राज्य स्तरीय युवा उत्सव में बिलासपुर के युवाओं ने दिखाई अपनी प्रतिभा, जीते कई पुरस्कार
बिलासपुर. राज्य स्तरीय युवा उत्सव में बिलासपुर जिले के युवाओं ने अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाया और कई पुरस्कार जीते। जिले के युवाओं ने दस विधाओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। राजधानी रायपुर में 12 से 14 जनवरी तक आयोजित राज्य स्तरीय युवा उत्सव में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के युवाओं को भाग लेने का मौका मिला। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को तो पहली बार कोई ऐसा मंच मिला, जहां वे अपने अंदर छुपी प्रतिभा को सामने ला सके। 40 वर्ष से अधिक युवाआंे ने भी विविध प्रतियोगिताओं मंे अपना जौहर दिखाया। राज्य स्तरीय युवा उत्सव में जिले के युवाओं ने 24 विधाओं मंे हिस्सा लिया। जिसमें शास्त्री गायन कर्नाटक शैली में बिल्हा विकासखंड की कुमारी व्ही.सी.आर.एल.वैष्णवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी विकासखंड के श्री यशराज ने गिटार वादन में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। फुगड़ी प्रतियोगिता में 15 से 40 आयु वर्ग में कुमारी उर्मिला पटेल विकासखंड मस्तूरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तबला वादन में विकासखंड मस्तूरी के कमलेश कुमार चंद्राकर ने तृतीय स्थान, कत्थक में तिफरा बिलासपुर की छात्रा कुमारी जान्हवी खरे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लोकनृत्य में मस्तूरी विकासखंड के संत संगम पंथी दल और राऊत नाचा में डाॅ.सी.वी.रमन विश्वविद्यालय कोटा के दलों ने अपने जोशीले नृत्य से निर्णायकों के साथ-साथ दर्शकों का भी मन मोह लिया। दोनों दलों को अपने-अपने वर्ग में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। पुरूषों की कबड्डी प्रतियोगिता में विकासखंड मस्तूरी का दल द्वितीय स्थान पर रहा। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेल भौंरा में 40 वर्ष से अधिक के युवा माहिर निकले। महिला और पुरूष दोनों वर्ग में जिले के प्रतिभागियों ने पुरस्कार जीते। महिला वर्ग में कुमारी दुर्गा यादव और पुरूष वर्ग में श्री अजय कुमार तिवारी ने सधे हुये हाथों से भौंरा चलाकर लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया। दोनों प्रतिभागियों ने इस प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कलेक्टर डाॅ.संजय अलंग ने विजयी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी और उनका उत्साहवर्धन किया।