26 लाख की लागत से प्रस्तावित हाट बाजार के लिए महापौर ने किया भूमि पूजन


बिलासपुर. पौनी पसारी योजना के तहत राज्य शासन ने हाट बाजार बनाने के लिए 26 लाख रुपए स्वीकृत किये हैं। जिससे व्यापार विहार वार्ड क्रमांक 24 के सेंट जेवियर स्कूल के पास खाली मैदान में  हाट (सब्जी) बाजार का निर्माण किया जाएगा। जिसका आज शुक्रवार को महापौर रामशरण यादव  ने एमआईसी सदस्यों के साथ भूमिपूजन किया। जानकारी के अनुसार राज्य सरकार द्वारा नगर निगम सीमा क्षेत्र में पौनी पसारी योजना के तहत हाट बाजार बनाने का निर्देश दिया गया है, महापौर रामशरण यादव  ने शुक्रवार को दोपहर 12 बजे व्यापार विहार में इसका भूमि पूजन किया।  रामशरण यादव ने नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड क्रमांक 24 की जनता को आश्वस्थ किया था कि अगर उनकों इस वार्ड से पार्षद चुना जाएगा। तो वे सबसे पहले व्यापार विहार क्षेत्र में हाट बाजार बनाएंगे। यादव  ने वार्डवासियों से किए गए वादे को पूरा करते हुए आज शुक्रवार को हाट बाजार योजना का भूमिपूजन कर निर्माण का कार्यारंभ कर दिया है। अभी यहां 30 लोगों के लिए जगह चिन्हाकित की गयी है। महापौर ने नगर निगम के अधिकारियों को इसे और विस्तार करने का निर्देश दिया है। बताया जाता है बाजार में कम से कम 80 लोगों को बसाने की योजना है। यहां पर बाजार खुलने से अज्ञेयनगर, भारतीय नगर, चंदेला विहार, विनोबा नगर, विद्यानगर व क्रांति नगर सहित आसपास के 15 से 16 जगहों के रहवासियों को सब्जी के लिए अब बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। क्षेत्रवासियों की लंबे समय की मांग थी कि यहां पर एक सब्जी बाजार होना चाहिए। जिसे आज शुक्रवार को महापौर श्री रामशरण यादव ने पूरा कर दिया है। भूमिपूजन के दौरान एमआईसी सदस्य अजय यादव, जुगल किशोर गोयल , पार्षद रविंद्र सिंह, इम्तियाज अली, आनन्द डोरस, धु्रव कोरी, लड्डू भाई, धनंजय झा, मोहन जायसवाल, कासिम अली, संतराम दिंढोरे, शाहिद कुरैशी, मोहर बंजारे, सरोज, आशीष कोरी, केशव झा, सुखचरण भालाधारे, रघुनंदन सिंह पोर्ते, नामु बंजारे सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी, जनप्रतिनिधि व नागरिकगण उपस्थित थे।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!