सिम्स के डॉक्टर के बेटे ने की आत्महत्या

0 छठ पूजा की तैयारी के लिए बाहर गए थे डॉक्टर पति-पत्नी
0 घर लौटते तो बेटे की जा चुकी थी जान

बिलासपुर। मेडिकल कॉलेज सिम्स के सीनियर डॉक्टर के बेटे ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दौरान युवक के माता-पिता छठ पूजा के लिए खरीदारी करने बाजार गए थे। सामान लेकर वापस घर पहुंचे तो बेटे का शव फंदे पर लटकते मिला। इससे घर में कोहराम मच गया और छठ पर्व की खुशी मातम में बदल गई। घटना की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर अस्पताल भेज दिया। इस मामले में पुलिस मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि बृहस्पति बाजार स्थित चंद्रा पार्क निवासी डॉ. आशुतोष तिवारी और उनकी पत्नी डॉ. आरती पांडेय दोनों सिम्स में पदस्थ हैं। रविवार की शाम दोनों पति-पत्नी छठ पूजा की तैयारी के लिए खरीदारी करने घर से बाहर गए थे। इस दौरान घर उनका बेटा आयुष्मान तिवारी (19) घर पर था। रात 10.30 बजे डॉ. आशुतोष व डॉ. आरती घर पहुंचे। घर के अंदर प्रवेश किया तो आयुष्मान का शव फांसी के फंदे पर लटकते हुए मिला। आयुष्मान की जान जा चुकी थी। तत्काल डॉ. आशुतोष ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम जांच करने मौके पर पहुंची। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया।

 

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!