धर्मेंद्र की 6 दशक की अनूठी फिल्मी यात्रा का हुआ अंत
एक तरफ वह अपने शक्तिशाली मुक्कों से फिल्मी खलनायकों को धूल चटाते नजर आते थे, गंभीर किरदारों से दर्शकों को भावुक कर देते थे, हल्की सी मुस्कान से लोगों का दिल जीत लेते थे, तो दूसरी तरफ हास्य भूमिकाओं से दर्शकों को हंसा-हंसाकर लोटपोट कर देते थे। धर्मेंद्र एक ऐसे अनोखे अभिनेता थे जिन्होंने करीब 65 साल के अपने फिल्मी करियर में बिना रुके लगातार कई तरह की भूमिकाएं अदा कीं। मर्दानगी, भावुकता और करिश्मा… और इन सब गुणों के साथ सबसे खूबसूरत अदाकारों में गिने जाने वाले धर्मेंद्र ने गंभीर फिल्म “सत्यकाम” से लेकर रोमांटिक फिल्म “बहारें फिर भी आएंगी” तक, और फिर एक्शन से सजी “शोले” से लेकर गुदगुदाती “चुपके चुपके” तक सभी तरह की फिल्मों में काम किया।
उनके साथ करियर शुरू करने वाले या समकालिक कई कलाकार अभिनय की दुनिया छोड़कर जाते रहे, लेकिन धर्मेंद्र हाल तक फिल्मों में दिखाई देते रहे। धर्मेंद्र का सोमवार को मुंबई में निधन हो गया। आगामी 8 दिसंबर को वह 90 साल के हो जाते। साल 2023 में, जब वह 88 साल के थे, तो करण जौहर की “रॉकी और रानी की प्रेम कहानी” में वह शबाना आज़मी के साथ रोमांस करते नजर आए। इस फिल्म में उनका चुंबन दृश्य खबरों में बना रहा। इस दौर में उनकी चाल धीमी हो गई थी, शरीर से उम्र झलक रही थी, लेकिन आंखों की चमक और प्यारी सी मुस्कान जस की तस थी। वह एक ऐसे अभिनेता थे, जिन्होंने हिंदी फिल्म जगत को दशकों तक ‘श्वेत-श्याम’ से रंगीन तक और अब डिजिटल युग तक बदलते देखा तथा हर दौर में अपनी प्रासंगिकता कायम रखी।


