January 25, 2026
भाजपा सरकार में महिलायें बेरोजगार और कर्जदार बन गयी – कांग्रेस
रायपुर. एक साल में महिलाओं के द्वारा 28 हजार करोड़ से अधिक कर्ज लेने पर महतारी वंदन योजना पर सवाल खड़ा करते हुए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं से रोजगार छीना, महिला स्वसहायता समूहों को काम देना बंद कर दिया, गोठान बंद होने के कारण महिलाओं का रोजगार छीना जिसके कारण प्रदेश की महिलाओं पर कर्ज का बोझ बढ़ गया है।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि एक ओर सरकार दावा कर रही है कि अब तक 14 हजार करोड़ रु महिलाओं को दिया गया है जिसे महिलाये सुरक्षित एवं आर्थिक रूप से सक्षम हुई है।फिर महिलाओं को छोटी-छोटी राशि के लिए अपने जेवर सोना चाँदी बैंकों में गिरवी रखने क्यों पड़ रहे है? स्व सहायता समूह के जरिये छोटी छोटी राशि बैंकों से ब्याज पर कर्ज लेने क्यों पड़ रही है? मोदी गारंटी तो नकली निकली महतारी वंदन योजना से महिलाओं के जीवन एवं आर्थिक सुधार होने का दावा हवा हवाई है।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार में रोजी, रोजगार के गम्भीर संकट है, शिक्षा स्वास्थ बेहद खराब है जिसके चलते सरकारी स्कूल एवं अस्पताल से लाभ नहीं मिल रहा है, निजी स्कूल एवं अस्पताल में गृहणियों को कर्ज लेकर खर्च करना पड़ रहा है। बढ़े बिजली के दाम से महिलाओं पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। भाजपा सरकार की कुशासन के चलते महंगाई से खाद्यन्न सामग्री की कीमत आसमान छू रही है। शराब के कारण आर्थिक परेशानी हो रही जिसके चलते महिलाओं को कर्ज लेना पड़ रहा है। एक ओर महतारी वंदन योजना की क़िस्त देने सरकार कर्ज पर कर्ज ले रही है, दूसरी ओर सरकार की कुशासन के कारण महिलायें बैंकों से कर्ज लेने मजबूर, ऐसे में महतारी वंदन योजना सफेद हाथी साबित हो रहा है इससे महिलाओं के जीवन में आर्थिक सुधार नहीं हो रहा है, बल्कि सरकार के द्वारा घर-घर से जो बिजली बिल और अन्य माध्यम से वसूली हो रही है उससे महिलायें कर्जदार बन गई है। आर्थिक संकट से जूझ रही है।


