भाजपा जोन अध्यक्ष की गुंडागर्दी, पीड़ित से पैसे की मांगे, नहीं देने पर की मारपीट गाली गलौज

रायपुर. रायपुर नगर निगम जोन 8 के जोन अध्यक्ष प्रीतम सिंह ठाकुर की गुंडागर्दी के वॉयरल वीडियो पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि सत्ता के अहंकार में भाजपाई जनप्रतिनिधि जनता पर ही बर्बरता पर उतर आए हैं, इस सरकार में प्रशासन नहीं वसूली गिरोह चल रहा है, सत्ता में बैठे लोग मारपीट, गाली गलौज और गुंडागर्दी पर उतर आए हैं, खुलेआम जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। विधि द्वारा तय प्रक्रिया के अलावा किसी भी व्यक्ति को अधिकार नहीं है कि इस तरह से कानून को हाथ में ले, किसी को सजा दे, सार्वजनिक तौर पर अपमानित करे। सुशासन का दावा करने वाले भाजपाई जंगल राज चला रहे हैं, कथित ट्रिपल इंजन सरकार में पीड़ित ही प्रताड़ित हो रहे हैं और जिन पर जनता की सुविधा और सुरक्षा की जिम्मेदारी है वही अत्याचारी बन गए हैं।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि किसी भी स्थानीय निकाय क्षेत्र में गैर अनुमति प्राप्त निर्माण के नियमितीकरण की निर्धारित प्रक्रिया अधिनियमित है। यदि अवैध निर्माण के खिलाफ कार्यवाही करनी है तो उसकी भी प्रक्रिया तय है, पीड़ित का दावा है कि उन्होंने तय प्रक्रिया के तहत आवेदन किया है, नियमितीकरण के अनुपालन में तय शुल्क जमा करने भी सहमत है, जिस पर कार्यवाही और अंतिम निर्णय लंबित है, लेकिन भाजपा के स्थानीय पार्षद जो जोन अध्यक्ष भी हैं उनके द्वारा अचानक व्यवसाय स्थल पर आकर खुद ही सील करवाना, अनुचित दबाव और अमर्यादित आचरण न केवल गैर कानूनी है बल्कि असंवैधानिक भी है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि भाजपा के कुशासन में भाजपा के जनप्रतिनिधि खुद को जनता का मालिक और आम जनता को अपना गुलाम समझ बैठे हैं। खुद ही फैसला ले रहे हैं और खुद ही उस पर अमल कर रहे हैं। पीड़ित का आरोप है कि निगम प्रशासन के द्वारा जो नोटिस उन्हें प्राप्त हुआ था उसका जवाब भी तय समय सीमा के भीतर दिया जा चुका है, नियमितीकरण की प्रक्रिया लंबित है फिर अचानक जोन अध्यक्ष की दबंगई और उस पर सरकार/प्रशासन का मूक समर्थन इस सरकार के भ्रष्टाचार और कमीशन खोरी के आरोप को प्रमाणित करता है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!