इंडिगो का बड़ा फैसला, दोहा-कुवैत समेत कई उड़ानें रद्द
नई दिल्ली, इंडिगो ने क्षेत्र में संघर्ष के मद्देनजर पश्चिम एशिया के सात गंतव्यों के लिए अपनी नियोजित उड़ानें 28 मार्च तक स्थगित करने की घोषणा की। इन गंतव्यों में दोहा, कुवैत और शारजाह शामिल हैं। यह निर्णय विमानन कंपनी की पश्चिम एशिया में अपने परिचालन को समायोजित करने की योजना का हिस्सा है, जिसके तहत वह 16 से 28 मार्च के दौरान इस क्षेत्र के लिए और इस क्षेत्र से 252 साप्ताहिक उड़ानें संचालित करेगी।
विमानन कंपनी ने शनिवार को जारी एक बयान में बताया कि इंडिगो मौजूदा भू-राजनीतिक जोखिम, हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों, हवाई अड्डों की समस्याओं, लगातार बढ़ती ईंधन व बीमा लागतों और अन्य अनिश्चितताओं को देखते हुए स्थिति पर नजर रखना जारी रखेगा। बयान के अनुसार, विमानन कंपनी आवश्यक कनेक्टिविटी बनाए रखते हुए मौजूदा परिस्थितियों के अनुरूप अपनी क्षमता को समायोजित कर रही है।


