सिम्स के डीन ने 664 अग्निशमन सिलेंडरों की जांच
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में मरीजों, परिजनों, चिकित्सकों, कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए फायर सेफ्टी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है। संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक कार्यालय के निर्देश पर संस्थान में व्यापक फायर सेफ्टी अभियान, विभागवार जिम्मेदारी निर्धारण, फ्लोर प्रभारी नियुक्ति, फायर ऑडिट, इलेक्ट्रिकल ऑडिट, मासिक मॉक ड्रिल, एसडीआरएफ के साथ संयुक्त आपदा प्रबंधन अभ्यास की शुरुआत की गई।
संस्थान परिसर में स्थापित 664 अग्निशमन सिलेंडरों की विस्तृत जांच व रिफिलिंग की समीक्षा की गई। वार्ड, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, ट्रॉमा, आपातकालीन विभाग, लैब, प्रशासनिक भवन, मरीजों की आवाजाही वाले सभी संवेदनशील क्षेत्रों में लगे अग्निशमन उपकरणों की कार्यक्षमता, प्रेशर, वैधता, उपयोगिता का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। जिन उपकरणों में तकनीकी कमी अथवा रिफिलिंग की आवश्यकता पाई गई, उन्हें तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। कार्यवाही विवरण पत्र के अनुसार उत्कर्ष शर्मा, सिविल इंजीनियर (सीजी एमएससी) को संस्थान का फायर सेफ्टी ऑफिसर नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में समस्त फायर ऑडिट, इलेक्ट्रिकल सुरक्षा निरीक्षण, आपातकालीन निकास मार्ग, अलार्म सिस्टम, विभागीय समन्वय कार्य संपादित किए जाएंगे।


