विवाद के बीच तारबाहर में उप चुनाव संपन्न, एसएसपी व कलेक्टर ने दी दखल
वार्ड क्रमांक-29 संजय गांधी नगर के लोगों ने जमकर किया मतदान
बिलासपुर। जिले में 4 जगहों पर उपचुनाव के लिए मतदान हुआ। इसमें नगर निगम के वार्ड क्रमांक-29 संजय गांधी नगर (तारबाहर) के पार्षद पद का उपचुनाव में मतदान के दौरान विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। इस दौरान एसएसपी रजनेश सिंह व कलेक्टर को दखल देना पड़ा। तब जाकर विवाद शांत हुआ। इसके बाद शांति पूर्वक मतदान संपन्न हुआ।
तारबाहर वार्ड में कुल 5,255 मतदाता हैं। इनमें 2,600 पुरुष और 2,655 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ, जो शाम 5 बजे तक चला। उपचुनाव के लिए कुल 8 मतदान केंद्र बनाए गए। इनमें स्वामी आत्मानंद स्कूल में 6 और घोड़ादाना स्कूल में 2 मतदान केंद्र शामिल हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। सोमवार को मतदान के दौरान स्वामी आत्मानंद स्कूल स्थित मतदान केंद्र के बाहर भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच विवाद और झड़प की स्थिति भी बनी, जिसके बाद प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा। तारबाहर वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद आजम, भाजपा प्रत्याशी वी. मधुसूदन राव और आम आदमी पार्टी के साहिल खान चुनाव मैदान में हैं। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की आवाजाही बनी रही। कांग्रेस-भाजपा समर्थकों के बीच स्वामी आत्मानंद स्कूल बूथ के मेन गेट पर भीड़ हटाने की बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद मेन गेट बंद कर दिया गया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
मतदान केंद्र के बाहर पूर्व विधायक शैलेश पांडेय, शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विजय पांडेय, शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, जिलाध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, जावेद मेमन आदि का जमावड़ा लगा रहा। मतदान केंद्रों पर वृद्ध और दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए व्हीलचेयर सहित विशेष व्यवस्थाएं की गई, जिससे सभी मतदाता आसानी से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
अमर पहुंचे मतदान केन्द्र
स्वामी आत्मानंद स्कूल स्थित मतदान केंद्र के बाहर भाजपा पार्षद रंगा नादम और कांग्रेस के पूर्व पार्षद रमाशंकर बघेल के समर्थकों के बीच विवाद और तीखी झड़प की खबर सामने आई। विवाद के बाद स्थिति पूरी तरह शांत रही। विवाद की सूचना मिलने पर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल भी समर्थकों के साथ मतदान केंद्र पहुंचे और कार्यकर्ताओं से चर्चा कर वापस लौट गए।




