जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
बिलासपुर. कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर आज नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सुनी। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने उनसे मिलकर निजी एवं सामुदायिक शिकायत संबंधी आवेदन दिया। उन्होंने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम शिवकुमार बनर्जी एवं जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने भी लोगों की समस्याएं सुनी।
जनदर्शन में आज तखतपुर विकासखण्ड के ग्राम पंचायत चितावर के सरपंच ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए मीडिल स्कूल में पर्याप्त शिक्षकों एवं अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की कमी से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस संबंध में पूर्व में भी डीईओ एवं बीईओ कार्यालय में आवेदन दिया गया परंतु आज दिनांक तक समस्या का निराकरण नहीं हो पाया है। मस्तुरी ब्लॉक के ग्राम जेवरा के ग्रामीणों ने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए चिन्हित शासकीय भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कथित कब्जा किए जाने की शिकायत करते हुए प्रशासन से भूमि मुक्त कराने और सामुदायिक भवन निर्माण की मांग की। ग्राम मेण्ड्रा के वार्ड क्रमांक 3, 4 और 5 के निवासियों ने लंबे समय से खराब विद्युत व्यवस्था का हवाला देते हुए नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि पुराने ट्रांसफार्मर पर अधिक भार होने के कारण बार-बार बिजली बाधित हो रही है। बेलगहना तहसील के ग्राम करवां के निवासी रामजी ने बताया कि सुमन गिलहरे द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान का निर्माण कराया जा रहा है। मकान का निर्माण निस्तारी रास्ते पर हो रहा है जिससे आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सार्वजनिक आवागमन मार्ग प्रभावित होने की शिकायत करते हुए निर्माण कार्य की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। बोदरी के नगपुरा की निवासी दुवासा बाई ने परिवार की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए शासन की योजना के अंतर्गत स्वरोजगार के लिए किराना दुकान खोलने हेतु ऋण उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने उद्योग विभाग से लोन दिलाने का आग्रह किया जिससे वह स्वयं का रोजगार कर सके।
तखतपुर ब्लॉक के ग्राम बराही निवासी श्री दीपचंद कश्यप ने एक वर्ष से लंबित सीमांकन जल्द करवाने की मांग की। उन्होंने बताया कि विगत एक वर्ष से उनका सीमांकन का प्रकरण लंबित है। विकासखंड के ग्राम छतौना निवासी किसान धनवार साहू ने खेत की सिंचाई के लिए कृषि बिजली कनेक्शन नहीं मिलने पर अपना ज्ञापन नगर निगम कमिश्नर को सौंपा। उन्होंने कहा कि उन्होंने 6 मार्च 2024 को कृषि बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था, लेकिन लगभग दो वर्ष बीत जाने के बाद भी कनेक्शन नहीं दिया गया। बिजली कनेक्शन के अभाव में खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है, जिससे फसल उत्पादन में कमी और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। बिलासपुर क्षेत्र की पुरानी बस्ती सिरगिट्टी निवासी वृद्ध काशी ने रूकी हुई निराश्रित पेंशन की राशि दिलाने की गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि जनवरी 2026 से उन्हें निराश्रित राशि नहीं मिल रही है। जिससे जीवन यापन करना कठिन हो गया है। आज जनदर्शन में आवास, वृद्धावस्था पेंशन और राजस्व संबंधी शिकायतें मिली। नगर निगम आयुक्त श्री सर्वे ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने एवं समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए।


