अस्ताल में महिला ने एक साथ तीन बच्चों को दिया जन्म
समय से पहले पैदा हुए बच्चे
कोरबा मेडिकल कॉलेज में महिला का हुआ सामान्य प्रसव
कोरबा। जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में देर रात एक महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया, जिससे अस्पताल स्टाफ और परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। हालांकि, यह खुशी ज्यादा देर नहीं टिक सकी और जन्म के कुछ ही देर बाद एक नवजात बच्ची ने दम तोड़ दिया। वर्तमान में मां और बाकी दोनों बच्चे सुरक्षित हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, जटगा थाना क्षेत्र के ग्राम मुकुवा निवासी तीरथ उइके की पत्नी फूल कुंवर को मंगलवार को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। घर पर हालत बिगड़ती देख पति तीरथ ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल डायल 112 को सूचना दी। मदद पहुंचने पर महिला को एम्बुलेंस के जरिए पहले कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। मितानिन और परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचते ही प्रसूति विभाग की डॉक्टरों की टीम ने तुरंत महिला को भर्ती कर उपचार शुरू किया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम के सफल प्रयास से फूल कुंवर का सामान्य प्रसव (नॉर्मल डिलीवरी) कराया गया, जिसमें उन्होंने तीन बच्चों (दो बेटियां और एक बेटा) को जन्म दिया। डॉक्टर के मुताबिक ये तीनों बच्चे समय से पहले पैदा हुए थे। जन्म के समय तीनों बच्चे देखने में स्वस्थ लग रहे थे।


