तीसरी लाइन और 110 किमी की स्पीड से बदलेगी रेल यात्रा

 

अनूपपुर-कटनी रेलखंड को मिली नई रफ्तार

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल अंतर्गत अनूपपुर-कटनी रेलखंड पर तेजी से हो रहे अधोसंरचना विकास कार्यों ने रेल संचालन को नई गति दे दी है। तीसरी रेल लाइन, 110 किमी प्रति घंटे की गति, अमृत भारत स्टेशन योजना और यात्री सुविधाओं के विस्तार से इस महत्वपूर्ण रेलखंड की परिचालन क्षमता, सुरक्षा और सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
रेलवे के अनुसार, 165.52 किलोमीटर लंबी तीसरी लाइन चालू होने से यात्री और मालगाडिय़ों का संचालन अधिक सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध हो गया है। अतिरिक्त लाइन मिलने से ट्रेनों की आवाजाही आसान हुई है और परिचालन क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। रेलखंड के अनूपपुर-सिंहपुर, लोरहा-विलायतकलां और रुपौंद-न्यू कटनी जंक्शन सेक्शन में 110 किमी प्रति घंटे की गति लागू की जा चुकी है, जबकि शेष हिस्सों में यह कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। इसके लागू होने से ट्रेनों के समयपालन में सुधार और यात्रा समय में कमी आएगी।

यात्रियों को मिलेगी कई सुविधाएं
अनूपपुर, शहडोल और उमरिया रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिकीकरण किया जा रहा है। स्टेशन भवन, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, पहुंच मार्ग, दिव्यांगजन सुविधाएं और सौंदर्यीकरण के कार्य अंतिम चरण में हैं। रेलखंड की क्षमता बढऩे के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए रानी कमलापति-सांतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस का अनूपपुर तथा बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस का नौरोजाबाद और रुपौंद स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव भी शुरू किया गया है, जिससे स्थानीय यात्रियों को सीधा लाभ मिल रहा है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *