ई-बस सेवा का विस्तार नपा बोदरी तक करने की मांग उठाई
नगर पालिका परिषद बोदरी के अध्यक्ष ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
बिलासपुर। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र में आगामी दिसंबर माह से शुरू होने वाली ई-बस सेवा का विस्तार नगर पालिका परिषद बोदरी क्षेत्र तक करने की मांग की गई है। इस संबंध में नगर पालिका बोदरी के प्रेसिडेंट इन काउंसिल के सदस्यों ने अध्यक्ष नीलम विजय वर्मा ने कलेक्टर संजय अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा है।
ई-बस सेवा को बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र से आगे बढ़ाते हुए रामावैली, आशीर्वाद वैली, एलसीआईटी कॉलेज, बिलासा नर्सिंग कॉलेज, सृष्टि समृद्धि कॉलोनी, त्रिवेणी डेंटल कॉलेज, गीतांजलि एरा, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, चकरभाटा मार्केट-बोदरी होते हुए बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट तक संचालित करने का अनुरोध किया गया। पार्षदों ने कहा कि इस मार्ग पर ई-बस सेवा शुरू होने से नगर पालिका बोदरी और नगर निगम बिलासपुर क्षेत्र के नागरिकों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से उच्च न्यायालय, एयरपोर्ट, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को किफायती एवं सुविधाजनक यातायात व्यवस्था उपलब्ध होगी।कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इस मांग का समर्थन करते हुए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। इस पर नगर पालिका बोदरी के पार्षदों ने उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नगर पालिका बोदरी के सभापति विजय वर्मा, श्याम आर्य, आशीष खत्री, फिरतूराम बनवारे, लक्ष्मी नारायण मरावी, दीपक जगवानी, विष्णु साहू, जोहित राम धुरी सहित अन्य पार्षद उपस्थित रहे।


