दिल्ली की युवती ने देह व्यापार से किया इनकार तो स्पा सेंटर संचालक ने रोक दी सैलरी
पीडि़ता की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने अपराध दर्ज किया
बिलासपुर. 36 सिटी मॉल स्थित एक्वा वेलनेस स्पा सेंटर में काम करने वाली दिल्ली की युवती पर संचालक ने देह व्यापार करने का दबाव बनाया। इनकार करने पर उसकी शैलरी रोक दी। साथ ही विवाद करते हुए मारपीट की। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि दिल्ली की मूल निवासी 22 वर्षीय युवती सकरी थाना क्षेत्र में रहती है। वह करीब तीन महीने से 36 सिटी मॉल स्थित एक्वा वेलनेस स्पा सेंटर में काम कर रही थी। युवती का आरोप है कि स्पा संचालक अमन सेन और उसका बड़ा भाई लोकेश सेन उस पर देह व्यापार करने का दबाव बनाते थे। अमन उसे अक्सर प्राइवेट केबिन में ले जाता और उसके साथ गलत तरीके से छूने की हरकत करता था। युवती ने विरोध किया और काम छोडऩे की बात कही तो उसका वेतन रोक दिया गया। युवती का आरोप है कि, 22 अगस्त को वह सैलरी मांगने पहुंची तो अमन सेन ने फिर बदसलूकी की। 25 अगस्त की शाम 7 बजे वह दोबारा स्पॉ सेंटर पहुंची। वहां मौजूद लोकेश सेन ने भाई को बदनाम करने की बात कहते हुए उसके साथ छेड़छाड़ की। पीडि़ता ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो आरोपी ने मोबाइल छीन लिया। आरोप है कि उसने अश्लील गालियां देते हुए मुक्के से मारपीट की और दायां हाथ मरोड़ दिया। इससे उसके हाथ और कंधे में चोट आई।


