नेपाल की त्रासदी में फंसी बिलासपुर की महिला, कलेक्टर ने बताया- सुरक्षित
जिला प्रशासन की टीम लगातार महिला की संपर्क में है
बिलासपुर। नेपाल में आई त्रासदी के बीच बिलासपुर की एक महिला फंसी हुई हैं। महिला के परिजन ने कलेक्टर संजय अग्रवाल को सूचना दी। कलेक्टर अग्रवाल ने भारत सरकार की मदद से महिला से संपर्क किया। तब पता चला कि नेपाल में महिला सुरक्षित है।
सरकंडा के राजकिशोर नगर निवासी ब्यूटीशियन मंजु रॉय चौधरी (65) 30 लोगों के दल के साथ नेपाल घूमने गई थीं। 25 अगस्त को परिजनों से उनकी आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। इसके बाद से उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। मंजु अकेली रहती हैं और वसंत विहार चौक के पास ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। नेपाल जाने से पहले वह 21 अगस्त को बिलासपुर से अकेले कलकत्ता पहुंची थीं। वहां से 30 लोगों के दल के साथ नेपाल के लिए रवाना हुईं। उनका नेपाल दौरा 3 सितंबर तक निर्धारित था। इसके बाद उन्हें नेपाल से वापस लौटना था।
परिचित ने दी सुरक्षित होने की दी जानकारी
कलकत्ता निवासी मंजु की एक परिचित ने परिजनों को बताया कि उनके सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की जानकारी मिली है। हालांकि, मोबाइल पर सीधे संपर्क नहीं हो पा रहा है। इस जानकारी के बाद परिजनों को कुछ राहत मिली है, लेकिन मंजु से बात नहीं होने के कारण उनकी चिंता बनी हुई है।


