ईएसआईसी अस्पताल में डॉक्टर का बाथरूम में फंदे से लटका मिला शव
प्रेम प्रसंग टूटने के बाद उठाया आत्मघाती कदम उठाने की आशंका
कोरबा। शहर के ईएसआईसी अस्पताल परिसर स्थित कर्मचारी आवास में शनिवार को उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब यहां पदस्थ युवा चिकित्सक डॉ. एल्विन वे (30 वर्ष) की लाश उनके कमरे के बाथरूम में फांसी के फंदे पर लटकी पाई गई। डॉक्टर के हाथ की नस पर चोट के भी निशान मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने फांसी लगाने से पहले सर्जिकल ब्लेड से नस काटने का प्रयास किया था। घटना के वक्त उनके माता-पिता केरल से कोरबा के लिए रास्ते में थे और उन्हें यहां आने पर इस दर्दनाक हादसे का पता चला।
मूलत: केरल के पालक्काड निवासी डॉ. एल्विन कोयंबटूर से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर साल भर पहले कोरबा के ईएसआईसी अस्पताल में पदस्थ हुए थे। शनिवार सुबह 9 बजे उनकी ओपीडी ड्यूटी थी। जब वे अस्पताल नहीं पहुंचे और फोन का जवाब भी नहीं दिया, तो शाम करीब 4 बजे अस्पताल कर्मी उनके क्वार्टर पहुंचे। अंदर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर खिडक़ी का कांच तोडक़र जब स्टाफ भीतर दाखिल हुआ, तो बाथरूम में नायलॉन की रस्सी के सहारे डॉ. एल्विन का शव लटक रहा था।
कोयंबटूर की युवती से विवाद के बाद टूटा था रिश्ता
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा नजर आ रहा है। जानकारी के अनुसार, डॉ. एल्विन का कोयंबटूर की एक युवती से 2 साल से अफेयर था और 12 अगस्त को विवाह पंजीयन के लिए चर्च में आवेदन भी दिया गया था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर गंभीर विवाद हुआ और रिश्ता टूट गया। इसके बाद से ही डॉ. एल्विन मानसिक तनाव में थे। घटना से तीन दिन पहले उन्होंने तबीयत खराब होने का हवाला देकर माता-पिता को कोरबा बुलाया था।
जांच में जुटी सिविल लाइन थाना पुलिस
मामले की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सभी संभावित बिंदुओं पर बारीकी से जांच जारी है। मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।


