नेपाल आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए राशि जुटाएगा रेडक्रॉस

 

सदस्यता विस्तार, नई मेडिकल शॉप और रक्तदान शिविरों को लेकर भी लिए गए अहम निर्णय

बिलासपुर.  भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा बिलासपुर की प्रबंध कार्यकारिणी समिति की बैठक आज कलेक्टर एवं रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष  संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में रेडक्रॉस कार्यालय, नूतन चौक, सरकंडा में आयोजित की गई। बैठक में नेपाल में आई आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए राशि एकत्रित करने सहित रेडक्रॉस की सदस्यता बढ़ाने, नई मेडिकल शॉप के उद्घाटन और रक्तदान शिविर आयोजित करने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक के प्रारंभ में रेडक्रॉस प्रबंध समिति के चेयरमैन डॉ. बी.एल. गोयल एवं डॉ. शुभा गरेवाल ने कलेक्टर एवं अध्यक्ष   संजय अग्रवाल का स्वागत किया। इसके पश्चात एजेंडेवार विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में सर्वप्रथम नेपाल में आई आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए राशि एकत्रित करने का निर्णय लिया गया। कलेक्टर एवं अध्यक्ष   संजय अग्रवाल की अनुमति के उपरांत इसके लिए 10 दलों का गठन किया गया है। ये दल शहर के प्रमुख स्थलों पर पहुंचकर नेपाल के बाढ़ पीड़ितों के लिए सहायता राशि एकत्रित करेंगे। एकत्रित राशि भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की राज्य शाखा रायपुर को भेजी जाएगी।
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल सभी सदस्यों के साथ आगामी बुधवार, 9 सितंबर को कलेक्टर कार्यालय में स्वयं सहायता राशि एकत्रित करेंगे। इसी के साथ सहायता राशि संग्रह अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। रेडक्रॉस के सदस्यता अभियान को गति देने पर भी चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि सितंबर माह के अंत तक 25 संरक्षक सदस्य, 50 उप संरक्षक सदस्य एवं 500 आजीवन सदस्य बनाए जाएंगे। रेडक्रॉस प्रबंध कार्यकारिणी समिति के सभी सदस्य संरक्षक सदस्य बनेंगे तथा प्रत्येक प्रबंध समिति सदस्य द्वारा 20-20 आजीवन सदस्य बनाए जाएंगे। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल स्वयं 25 हजार रुपए की राशि देकर रेडक्रॉस सोसायटी के संरक्षक सदस्य बनेंगे। साथ ही सभी विभागों में 10-10 आजीवन सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
इसके अलावा लिंगियाडीह स्थित अपोलो चौक में नवीन रेडक्रॉस मेडिकल शॉप के उद्घाटन पर भी चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि 25 सितंबर के पूर्व दुकान का उद्घाटन कर लिया जाएगा। कलेक्टर एवं अध्यक्ष की अनुमति से खपरगंज स्थित दुकान के संबंध में आवश्यक निराकरण के लिए   सुनील सोनथलिया एवं  सुरेंद्र गुम्बर को अधिकृत किया गया। साथ ही सभी महाविद्यालयों में रक्तदान शिविर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. बी.एल. गोयल,  प्रमोद शर्मा,   अमरजीत सिंह दुआ,   बृजेंद्र शुक्ला, डॉ. शुभा गरेवाल, डॉ. एम.ए. जीवानी,  सुनील सोनथलिया, डॉ. राजीव अवस्थी,   सुरेंद्र गुम्बर,   श्रीकांत सहारे, जिला समन्वयक  सौरभ सक्सेना,   आदित्य पाण्डेय,   लक्ष्मी नारायण मिश्रा,   मनीष मिश्रा,   सुशील राजपूत,  गीतेश्वरी चंद्रा, सुश्री पूजा कैवर्त, सुश्री नेहा राय एवं सुश्री प्रीति चंद्रा उपस्थित रहे।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *