अचानकमार टाइगर रिजर्व के केंवची गेट से नई पर्यटन सुविधा मिलेगी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में वन पर्यटन को बढ़ावा देने और धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थलों को एक साथ जोडऩे की दिशा में अचानकमार टाइगर रिजर्व के केंवची गेट से नई पहल की जा रही है। अमरकंटक, अचानकमार टाइगर रिजर्व और मां महामाया मंदिर, रतनपुर को ध्यान में रखते हुए आरएमकेके रोड के माध्यम से एक पर्यटन सर्किट तैयार किया गया है। इस पहल का उद्देश्य पर्यटकों को जंगल, वन्यजीव, प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक पर्यटन का एक साथ अनुभव उपलब्ध कराना है।

इस नए पर्यटन सर्किट के तहत केंवची गेट पर पर्यटकों के लिए सफारी वाहनों की व्यवस्था की जाएगी। यहां छह सीटों वाली एक जिप्सी और आठ सीटों वाला एक महारानी वाहन उपलब्ध रहेगा। इन वाहनों के माध्यम से पर्यटक क्षेत्र की प्राकृतिक खूबसूरती और वन पर्यटन का आनंद ले सकेंगे। इस सुविधा के शुरू होने से अचानकमार आने वाले पर्यटकों को एक नया विकल्प मिलेगा और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। नई पर्यटन सुविधा का शुभारंभ 1 नवंबर को सुबह 11 बजे छत्तीसगढ़ के वन मंत्री द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया जाएगा। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पर्यटन से जुड़े लोगों की उपस्थिति प्रस्तावित है। विभाग की ओर से कार्यक्रम में शामिल होकर इस पहल को प्रोत्साहित करने की अपील की गई है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *