May 24, 2024

धान खरीदी महाअभियान का आगाज, किसानों में दिखा उत्साह

बिलासपुर. जिले में आज से धान खरीदी पर्व का आगाज हो गया है। कल धान बेचने के लिए टोकन कटाने वाले किसान आज सुबह से ही समितियों में धान लेकर बेचने पहुंचे। पहले ही दिन लगभग 931 किसानों का टोकन कटा है। इन किसानों से लगभग 39264 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। धान खरीदी को लेकर किसानों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। कलेक्टर डॉ. सारांश मित्तर ने बिल्हा विकासखंड के महमंद धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

कलेक्टर ने धान बेचने आए किसान डेरहाराम यादव से केन्द्र में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। किसान ने बताया कि उन्हें पहले से टोकन दे दिया गया है। उन्होंने कलेक्टर को बताया कि वे सभी व्यवस्थाओं से संतुष्ट हैं। श्री यादव ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि वे आसानी से अपना धान बेच पा रहे हैं। श्री यादव ने 44 क्विंटल धान का टोकन कटाया है। कलेक्टर ने सोसायटी में पर्याप्त मात्रा में बारदाने उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित करने कहा। कलेक्टर ने कांटा, बांट, बारदाने की उपलब्धता, डनेज, कम्प्यूटर ऑपरेटर सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अपने समक्ष तौलाई आदि की व्यवस्था को देखा। डनेज के लिए चबूतरे में एक लेयर एवं जमीन पर दो लेयर करने के निर्देश दिए। धान की भी गुणवत्ता को उन्होंने देखा। उन्होंन नमी मापक यंत्र से धान की नमी को भी  नपवाया। कलेक्टर ने कम्प्यूटर में धान खरीदी के लिए टोकन जारी करने से लेकर खरीदी तक की पूरी व्यवस्था को देखा । समिति प्रबंधक ने बताया कि यहां 1120 पंजीकृत किसान हैं। यहां दोमुहानी, मानिकपुर, सिरगिटटी, देवरीखुर्द, ढेका, महमंद के किसानों से धान खरीदी की जाएगी। धान खरीदी केन्द्र में किसानों के लिए सभी व्यवस्थाएं की गयी है। इस दौरान एसडीएम बिलासपुर श्री पुलक भट्टाचार्य, खाद्य विभाग के अधिकारी श्री राजेश शर्मा, तहसीलदार सहित अन्य लोग मौजूद थे।

धान खरीदी केंद्रों का प्रत्येक सप्ताह निरीक्षण करेंगे नोडल अधिकारी : धान खरीदी के सुचारू संचालन के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जिनको शुरू दिन से ही उपार्जन केंद्रों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है। धान खरीदी की समस्त व्यवस्था के पर्यवेक्षण एवं आवश्यक सूचना संबंधितों को प्रदान करने हेतु नोडल अधिकारी उत्तरदायी होंगे। धान खरीदी केंद्रों की तैयारी एवं समुचित व्यवस्था, भुगतान हेतु आवश्यक राशि, बारदानें एवं परिवहन की व्यवस्था एवं पर्यवेक्षण हेतु नोडल अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह शनिवार को खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करने और प्रत्येक सोमवार को चेकलिस्ट में जानकारी देने का निर्देश दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में कृषकों के समर्थन मूल्य पर धान की नगद एवं लिकिंग में खरीदी आज से प्रारंभ हो गई है। यह 31 जनवरी 2022 तक की जाएगी। इसी तरह मक्के की खरीदी 28 फरवरी 2022 तक की जाएगी। औसत अच्छी किस्म के काॅमन धान के लिए 1940 रूपये प्रति क्विंटल एवं धान ग्रेड ए के लिए 1960 रूपये प्रति क्विंटल एवं मक्का के लिए 1870 रूपये प्रति क्विंटल का समर्थन मूल्य घोषित किया गया है। धान खरीदी की अधिकतम सीमा 10 क्विंटल प्रति एकड़ लिंकिग सहित निर्धारित है। धान खरीदी के दौरान कोविड-19 के बचाव हेतु खरीदी केंद्रों में एस.ओ.पी. का पालन किया जाना अनिवार्य होगा। उपार्जन केंद्र के भ्रमण के दौरान समिति प्रंबंधकों को इस संबंध में नोडल अधिकारी निर्देशित करेंगे।समितियों द्वारा सोमवार से शुक्रवार तक शासकीय अवकाश दिवसों को छोड़कर धान खरीदी की जाएगी तथा प्रत्येक शनिवार को क्रय किये गये धान की मात्रा, बारदानों का उपयोग तथा समिति को धान उपार्जन हेतु प्राप्त राशि के व्यय की पुष्टि धान खरीदी साफ्टवेयर में कराया जाना अनिवार्य होगा।

103 खरीदी केंद्रों में 936 किसानों को दिया गया टोकन 
खरीदी केंद्रो में भीड़ इकट्ठा न हो इसे ध्यान में रखते  हुए किसानों से टोकन व्यवस्था के माध्यम से धान खरीदी की जा रही है। धान खरीदी के शुरू दिन 103 खरीदी केंद्रों में 936 किसानों को 39 हजार क्विंटल धान बेचने के लिए टोकन प्रदान किया गया था। किसानों को धान खरीदी के पूर्व केंद्र की दैनिक क्षमता एवं व्यवस्था अनुसार टोकन जारी किया जाएगा। किसानों को एसएमएस के माध्यम से भी आवश्यकतानुसार सूचित किया जाएगा। टोकन सिस्टम की नियमित माॅनिटरिंग की जाएगी। खरीदी केंद्र पर केवल टोकन प्राप्त किसानों से ही उपज की तौल की जाएगी ताकि केंद्र पर अधिक भीड़ न हो, इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है।

खरीदी केंद्रों में कोविड-19 से बचाव के लिए एसओपी का करना होगा पालन 
खरीदी केंद्रों  में कोरोना से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियों का पोस्टर, बैनर, दिवाल लेखन के माध्यम से प्रदर्शन करने का निर्देश दिया गया है। खरीदी केंद्र प्रभारी द्वारा किसानों को कोविड-19 से बचाव हेतु प्रोत्साहित किया जाएगा एवं आवश्यक समझाईश दी जाएगी। सोशल एवं फिजिकल डिस्टेंसिंग, मास्क का उपयोग, धान खरीदी से संबंधित सभी जगहों पर हाथ धोने हेतु साबुन एवं पानी की पर्याप्त व्यवस्था के निर्देश दिए गए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post मल्टीएक्टिविटी से स्वावलम्बन की मिली नई दिशा
Next post एक क्लिक में पढ़ें बिलासपुर की ख़ास खबरें…
error: Content is protected !!