रंग पंचमी पर नशेड़ी युवक ने पत्नी कर दी हत्या
बिलासपुर। रंग पंचमी के दिन युवक नशे की हालत में किराए के मकान में पहुंचा और पत्नी से विवाद करने लगा। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने पिट-पिटकर पत्नी की हत्या कर दी।
सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि कोटा के मोहनभाठा निवासी व हाल मुकाम नेहरू नगर एमआईजी-33 निवासी युवराज यादव (43)किराए के मकान में रहता है। साथ में पत्नी पुष्पलता यादव (37) भी रहती थी। रविवार को रंग पंचमी होने के कारण युवराज यादव रंग गुलाल खेलने सुबह से बाहर निकल गया था। नशे की हालत में दोपहर 1 बजे युवराज घर आया। इस बीच मकान मालकिन आई और घर खाली करने के लिए कहा। कुछ समय बाद युवराज अपनी पत्नी पुष्पलता के साथ विवाद करने लगा। धीरे-धीरे दोनों के बीच बहस बढ़ गई। गुस्से में आकर युवराज गाली-गलौज करते हुए पुष्पलता के साथ मारपीट शुरू कर दी। दोनों के बीच इतना विवाद बढ़ गया कि युवराज ने दीवार पर पुष्पलता के सिर पर कई बार टक्कर मारी। जिससे सिर पर गंभीर चोंटे आई और खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गई। कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।


