आम आदमी पार्टी की नवनियुक्त जिला अध्यक्ष उज्ज्वल कराडे ने संभाला प्रभार
बिलासपुर। आम आदमी पार्टी की जिला स्तरीय बैठक में नवनियुक्त जिला अध्यक्ष उज्ज्वला कराडे का पार्टी पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। बैठक के दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष खगेश चंद्राकर ने विधिवत रूप से नवनियुक्त जिला अध्यक्ष को प्रभार एवं लेखा-जोखा सौंपा।
इस अवसर पर उज्ज्वला कराडे ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस जिम्मेदारी को वे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि संगठन को मजबूती प्रदान करते हुए पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किया जाएगा।
बैठक में नवनियुक्त जिला अध्यक्ष ने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं सदस्यों से संगठन को और सशक्त बनाने हेतु सुझाव भी आमंत्रित किए।
इस जिला स्तरीय बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भानु चंद्र, बिलासपुर जोन प्रभारी एवं प्रदेश संगठन मंत्री अरुण नायर, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष ईश्वर चंदेल, पूर्व जिला अध्यक्ष खगेश चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के सदस्य उपस्थित रहे।


