इश्क में पति, दो बच्चों को छोड़ सरहद पार पहुंची अंजू

रेवाड़ी. भारत आई पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर की लव स्टोरी सोशल मीडिया व टीवी चैनलों पर जहां दिखाई जा रही है, वहीं ऐसा ही एक मामला रेवाड़ी में भी सामने आया। रेवाड़ी के औद्योगिक क्षेत्र धारूहेड़ा से सटे भिवाड़ी (राजस्थान) की 35 वर्षीय अंजू अपने पति व दो बच्चों को छोड़कर अपने प्रेमी के पास पाकिस्तान पहुंच गई है।

अंजू ने एक वीडियो भेजकर अपील की कि वह जल्द ही भारत आएगी। उसके परिजनों व बच्चों को परेशान न किया जाए। मूलरूप से मध्यप्रदेश की रहने वाली अंजू का विवाह 2007 में उत्तर प्रदेश के जिला बलिया के गांव खरपुरा के अरविंद के साथ हुआ था। अरविंद मूलत: क्रिश्चियन है। अंजू ने विवाह करने के बाद क्रिश्चियन धर्म अपना लिया था। विवाह के बाद से दोनों भिवाड़ी की टेरा एलिगेंसी सोसायटी में रह रहे थे। उनके एक लड़की व एक लड़का है। अंजू खुशखेड़ा की एक टूव्हीलर कंपनी में काम करती है और अरविंद इंडो कंपनी में काम करता है। अंजू के पाकिस्तान पहुंचने पर अरविंद ने कहा कि उसे हैरानगी हो रही है। उसे कभी भी इस बात का अहसास नहीं हुआ कि वह किसी पाकिस्तानी युवक के संपर्क में है। वह तीन दिन पूर्व घर से यह कहकर गई थी कि वह जयपुर में अपनी सहेली के पास जा रही है। अब उसे पता चला है कि वह पाकिस्तान स्थित खैबर पख्तूनख्वा में अपने प्रेमी नसरुल्लाह के पास पहुंच गई है। उसकी व्हाट्सअप पर उससे बात हुई है और जल्द ही भारत लौटने के लिए कहा है। अरविंद ने कहा कि एक वर्ष पूर्व उसने पासपोर्ट बनवाया था। अंजू विदेश में नौकरी करने की बात कर रही थी। वह इसी पासपोर्ट पर पाकिस्तान पहुंची है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!