भारतीय मजदूर संघ ने किया धरना प्रदर्शन
बिलासपुर. भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर आज देश भर के जिला मुख्यालयों में श्रमिकों की समस्याओं को लेकर विरोध दिवस मनाया गया था जिसके तहत जिला बिलासपुर में भी नेहरू चौक स्थित धरना स्थल में विशाल धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। उपरोक्त प्रदर्शन में भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध भारतीय रेल मजदूर संघ,सीपत ताप विद्युत मजदूर संघ, भारतीय कोयला खदान मजदूर संगठन बिलासपुर, बिजली कर्मचारी संघ बिलासपुर, स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ, राज्य कर्मचारी संघ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ, मध्यान्ह भोजन रसोइया संघ सहित बड़ी संख्या में विभिन्न संस्थानों में कार्यरत ठेका श्रमिकों ने भाग लिया। आज के कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय मजदूर संघ के कार्यकर्ता विकास प्रकोष्ठ के अखिल भारतीय प्रभारी और मध्य क्षेत्र के निवर्तमान प्रभारी माननीय सुनील किरवई जी उपस्थित रहे। उनके अतिरिक्त प्रमुख वक्ताओं में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य गिरिजा शंकर आचार्य, प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष शंखध्वनि सिंह बनाफर, स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ के अखिल भारतीय महामंत्री श्री सुरेश तिवारी, रेलवे मजदूर संघ के अखिल भारतीय महामंत्री श्री सुरेश पटेल , राज्य कर्मचारी संघ के अखिल भारतीय महामंत्री श्री आर पी श्रीवास्तव ने सभा को संबोधित किया। आमसभा उपरांत सैकड़ों की संख्या में उपस्थित महिला और पुरुष कामगारों ने नारेबाजी करते हुए रैली के माध्यम से कलेक्टर कार्यालय जाकर प्रधानमंत्री, केन्द्रीय श्रम मंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। भारतीय मजदूर संघ के नौ सूत्रीय मांग पत्र में मुख्य रूप से सभी श्रेणियों की श्रमिकों के लिए व्यापक सामाजिक सुरक्षा, गरिमा पूर्वक जीवन यापन करने लायक वेतन सुरक्षा के साथ सभी श्रम कानूनों के पालन को सुनिश्चित करने,ने लेबर कोड में औद्योगिक संबंध संहिता और व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्यपरिस्थिति संहिता में श्रमिकों की शंकाओं का समाधान करने, स्कीमी वर्करों को शासकीय सेवक का दर्जा देने , ईपीएफ और ईएसआई सी की सुविधा अधिकतम श्रमिकों तक सुनिश्चित करने, सरकारी नियुक्ति में लगी रोक हटाने और त्रिपक्षीय वार्ता पद्धति को मजबूत करने की मांग की है। आज के विरोध प्रदर्शन के कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री जयप्रकाश दूबे एवं संचालन का दायित्व जिला मंत्री श्री संजय तिवारी ने किया।


