धराली में बादल फटने से गंगा नदी में बाढ़, भारी नुकसान
बहे 40 से 50 घर, 100 से ज़्यादा लोग लापता, 4 की मौत
देहरादून. उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली में आपदा आने के बाद सेना के जवान भी घटनास्थल पहुंचकर बचाव कार्यों में जुट गए हैं। सेना ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि सूचना मिलते ही सेना की आईब्रेक्स ब्रिगेड के जवानों को घटनास्थल की ओर रवाना किया गया। आपदा में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
वह आपदा की घड़ी में लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। धराली में बादल फटने के कारण खीर गंगा नदी में बाढ़ आने से 4 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई। इस तबाही में कई मकान और होटल तबाह हो गए। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि नुकसान की सही जानकारी कुछ देर बाद ही सामने आ पाएगी।
वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धराली में हुए भारी नुकसान पर दुख जताया और प्रभावितों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा कि सेना, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) तथा जिला प्रशासन की टीम राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं।