कांग्रेस महिला सशक्तिकरण की पक्षधर, यशोदा की जीत तय

रायपुर. प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने खैरागढ़ उपचुनाव में यशोदा वर्मा को उम्मीदवार घोषित करने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि कांग्रेस महिला सशक्तिकरण की पक्षधर है। खैरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा की जीत सुनिश्चित है। खैरागढ़ की जनता खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के सम्पूर्ण विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में अभूतपूर्व कार्य किये हैं। प्रदेश में माताओं, बहनों और बेटियों के उत्थान के लिये तीन साल में जितनी योजनाएं क्रियान्वित की गई हैं, उनका दसवां हिस्सा भी भाजपा के पंद्रह साल के राज में नहीं हुआ। पुरुषवादी विचारधारा से प्रेरित भाजपा ने आधी आबादी अर्थात नारी शक्ति को कभी उभरने का अवसर नहीं दिया। भाजपा राजनीति के क्षेत्र में नारी शक्ति के साथ भेदभाव का प्रतीक है। जबकि कांग्रेस ने हमेशा नारी शक्ति को और अधिक सशक्त बनाने का पुरजोर प्रयास किया है। कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार महिलाओं के हित में संवेदनशीलता के साथ लगातार काम कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस खैरागढ़ में उपचुनाव जीत कर चौका मारने पूरी तरह तैयार है। हमने जनता के विश्वास और भूपेश बघेल सरकार के चहुंमुखी विकास की ताकत से चित्रकोट, दंतेवाड़ा और मरवाही उपचुनाव में जबर्दस्त जीत हासिल की है और अब खैरागढ़ में विरोधियों को मरवाही याद दिला देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने खैरागढ़ की आम जनता की पसंद को अपना उम्मीदवार घोषित किया है और खैरागढ़ का हर कांग्रेस कार्यकर्ता इस उपचुनाव में कांग्रेस का प्रत्याशी है। हर महिला यशोदा वर्मा के रूप में चुनाव लड़ेगी। यह जीत खैरागढ़ की जीत होगी। जनता की जीत होगी तथा कांग्रेस सरकार के कामकाज पर जनता के आशीर्वाद की जीत होगी।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!