6वीं के छात्र पर रसोइए ने किया कुल्हाड़ी से हमला
कोरबा | छुरी स्थित प्री-मैट्रिक आदिवासी छात्रावास में शनिवार को एक रसोइए की हैवानियत सामने आई। शराब के नशे में धुत रसोइए ने हॉस्टल के भीतर ही कक्षा 6वीं के छात्र पुष्पेंद्र कंवर पर कुल्हाड़ी (टंगिया) से वार कर दिया। हमले में छात्र बाल-बाल बचा, लेकिन उसकी आंख के ऊपरी हिस्से में गहरी चोट आई है। घटना के वक्त छात्रावास अधीक्षक छुट्टी पर थे।
छात्रों का आरोप है कि आरोपी रसोईया केसर दुबे अक्सर शराब पीकर आता है और बच्चों के साथ मारपीट व गाली-गलौज करता है। शनिवार को उसकी प्रताड़ना खूनी संघर्ष में बदल गई। घायल छात्र का प्राथमिक उपचार कराने के बाद उसके पिता उसे सुरक्षित घर ले गए हैं।
छात्रावास अधीक्षक की शिकायत पर कटघोरा पुलिस ने आरोपी केसर दुबे को हिरासत में ले लिया है। इधर, छुरी नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने कोरबा ट्राइबल एसी (सहायक आयुक्त) से आरोपी रसोइए को तत्काल सेवा से बर्खास्त करने और छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।


