जंगल गई महिला पर हाथी ने किया हमला, क्षेत्र में दहशत

बिलासपुर। जलाऊ लकड़ी लेने के लिए जंगल की ओर गई महिला पर एक हाथी ने हमला कर दिया। जिससे महिला को चोटें आई है। जंगल में महिला बेहोशी की हालत में पड़ी थी। हाथी ने उसे मरा हुआ समझकर आगे बढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वन अमला हाथी को नियंत्रित करने के लिए जंगल में भ्रमण कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि चार हाथी एक साथ कटघोरा वन मंडल के जंगल से होते हुए सीपत सर्किल पहुंचा है। जिसमें एक हाथी अपने दल से भटक गया है।
क्षेत्र में दो वर्ष के अंतराल बाद एक बार फिर हाथियों का आतंक लोगों की नींद उड़ाता नजर आ रहा है। शुक्रवार देर रात कटघोरा वनमंडल से भटककर चार हाथियों का दल सीपत क्षेत्र में प्रवेश कर गया, जिससे ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल बन गया है। हाथियों का एक दल सीपत सर्किल के भरुवाडीह बिट में आबादी के बिल्कुल करीब पहुंच गया, जबकि तीन हाथी खोंधरा सर्किल की ओर बढ़ते देखें गए। शनिवार सुबह तक एक हाथी खोंधरा सोंठी कारीछापर ठरकपुर मार्ग से होता हुआ भरुवाडीह जंगल में पहुंच गया। भरुवाडीह निवासी संत बाई ऊईके पति भोलाराम जलाऊ लकड़ी लेने जंगल गई थीं। इसी दौरान भटके हुए हाथी ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला की कमर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। हालांकि, 108 एंबुलेंस उपलब्ध न होने के कारण वन विभाग को पुलिस की 112 वाहन की मदद लेनी पड़ी, जिसे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिली। फिर उसे सीपत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर उपचार किया जा रहा है।

 

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!