आग बुझाने के लिए खाली दमकल लेकर पहुंचे कर्मचारी
बिलासपुर। शनिवार की रात किसान के कोठार के पैरावट में आग लग गई। देखते-देखते आग की लपटें पैरावट के चारों तरफ फैल गई। सूचना पर आग बुझाने के लिए दमकल वाहन पहुंचा, लेकिन वाहन में पानी ही नहीं था। कर्मचारी खाली वाहन को लेकर घटना स्थल पहुंच गए थे। इस लापरवाही के कारण पैरावट जलकर खाक हो गया। जिससे किसान को भारी नुकसान हुआ है।
मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र नगर पंचायत मल्हार के वार्ड क्रमांक 15 निवासी माखन साहू खेती किसानी का काम करता है। वह अपने कोठार में धान मिंसाई करवा रहा है। कोठार में खरही है। धान की 70-80 कट्टी को भी एक किनारे में रखा था। पैरा को बगल में डंप किया है। शनिवार की शाम अचानक पैरावट में आग लग गई। आग की लपटों को देखकर ग्रामीण एकत्रित हो गए। फिर तत्काल पुलिस व नगर पंचायत के जनप्रतिनिधयों को सूचना दी। पुलिस की टीम और दमकल वाहन के कर्मचारी मौके पर पहुंची। आग को बुझाने के लिए दमकल को चालू किया। तब पता चला कि टैंकर में पानी ही नहीं है। आनन फानन में कर्मचारियों ने खाली दमकल वाहन को लेकर पहुंच गए थे। दूसरी ओर आग तेजी से फैल रही थी। इसके बाद ग्रामीणों ने भारी मशक्कत करके धान की कट्टी को अलग किया। साथ ही आग फैलकर धान के खरही तक ना जाए,इसके लिए ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था की। इस बीच कर्मचारियों ने दमकल वाहन को वापस ले गए। एक बोर चालू कर पानी भरकर वापस घटना स्थल पहुंचा। तब जाकर आग पर काबू पाया गया। तब तक पूरा पैरा जलकर खाक हो गया था।

