वी-राइज फाइनेंस कंपनी की महिला संचालक फरहत सिंह गिरफ्तार


गरीब महिलाओं और बीमारों से लाखों की ठगी का मामला

बिलासपुर । वी-राइज फाइनेंस कंपनी की महिला संचालक फरहत सिंह द्वारा गरीब महिलाओं और बीमारों से लाखों की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी महिला ने लोन दिलाने का झांसा देकर कई लोगों से उनके आधार और पेन कार्ड लेकर उनके नाम पर महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे एसी, एलईडी और मोबाइल खरीद लिए। बदले में महिला ने उन्हें आधे पैसे नगद दिए और बाकी की राशि किश्तों में वसूलने का वादा किया था।

सिरगिट्टी क्षेत्र के एक पीड़ित, अनिल कुमार, जो किडनी रोग से जूझ रहे हैं, ने भी महिला के झांसे में आकर अपना आधार और पेन कार्ड दिया था। महिला ने उन्हें 50,000 से 1 लाख तक का लोन दिलाने का वादा किया, लेकिन बाद में पता चला कि उनके नाम पर महंगे मोबाइल खरीदे गए और अब फाइनेंस कंपनी के लोग उनके घर आकर किश्तों का भुगतान करने के लिए धमकी दे रहे हैं।

इसी तरह, अन्य महिलाएं और लोग भी इसके शिकार हुए हैं, जिनके नाम पर लोन लेकर महंगे उपकरण खरीदे गए, लेकिन न तो उन्हें लोन की रकम मिली और न ही कोई अन्य लाभ हुआ। ठगी का शिकार होने के बाद, पीड़ितों ने सिरगिट्टी थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने फरहत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब धोखाधड़ी के इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!