अयोध्या में ऐतिहासिक क्षण

 

अयोध्या. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार सुबह अयोध्या पहुंचे, जहां वे पहली बार श्री राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराने की ऐतिहासिक रस्म में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘श्री राम जन्मभूमि मंदिर में ध्वजारोहण उत्सव में हिस्सा लेने के लिए अयोध्या पहुंचा।’

महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रामपथ तक उनके काफिले का भव्य रोडशो हुआ। पूरे मार्ग को विशेष रूप से सजाया गया और महिलाएं व युवा बड़ी संख्या में सड़क के दोनों ओर खड़े होकर प्रधानमंत्री पर पुष्पवर्षा करते रहे। लाउडस्पीकरों पर ‘राम धुन’ गूंजती रही और लोग हाथों में राष्ट्रीय ध्वज व कमल निशान वाले झंडे लिए उत्साह से स्वागत करते दिखे।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने बताया कि पूर्वाह्न 11.50 बजे के बाद मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराया जाएगा। 10 फुट चौड़ा और 20 फुट लंबा यह तिकोना ध्वज ‘सूर्य’, ‘ओम’ और कोविदार वृक्ष के चिह्नों से अलंकृत रहेगा। उन्होंने कहा कि यह रंग अग्नि और उदयमान सूर्य का प्रतीक है, जो त्याग और समर्पण के भाव को दर्शाता है। इस अनुष्ठान का सीधा प्रसारण पूरी दुनिया देख सकेगी।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!