भारत को रूस से तेल खरीदने के लिए 30 दिन की छूट
न्यूयॉर्क/ नयी दिल्ली. ईरान के साथ बढ़ते संघर्ष के बीच अमेरिका ने कहा कि वह भारतीय रिफाइनरियों को रूस से कच्चा तेल खरीदने की अनुमति देने के लिए अस्थायी रूप से 30 दिनों की छूट दे रहा है। अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने बृहस्पतिवार को यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह सोच-समझकर उठाया गया अल्पकालिक कदम है और इससे रूसी सरकार को कोई बड़ा वित्तीय लाभ नहीं मिलेगा, क्योंकि यह केवल उन लेनदेन को अधिकृत करता है जो पहले से समुद्र में फंसे हुए तेल से जुड़े हैं।
कांग्रेस ने कहा- ब्लैकमेल कर रहा अमेरिका
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अमेरिका भारत सरकार को ब्लैकमेल कर रहा है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘आज हम जो देख रहे हैं वह नीति नहीं है, यह एक कॉम्प्रोमाइज्ड व्यक्ति के शोषण का परिणाम है।’ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि भारत की सामरिक स्वायत्तता और राष्ट्रीय संप्रभुता गंभीर खतरे में है।


