भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रन से रौंदा
चेन्नई, हार्दिक पंड्या और अभिषेक शर्मा के अर्धशतक से भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर आठ के एकतरफा मैच में आज यहां जिम्बाब्वे को 72 रन से रौंदकर सेमीफाइनल में जगह बनाने की उम्मीदों को जीवंत रखा।
भारत की जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने ग्रुप एक से सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। भारत और वेस्टइंडीज के बीच रविवार को होने वाले मैच से ग्रुप से सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली दूसरी टीम का फैसला होगा। भारत के 257 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट (नाबाद 97 रन, 59 गेंद, छह छक्के, आठ चौके) के अर्धशतक और कप्तान सिकंदर रजा (31) के साथ उनकी तीसरे विकेट की 72 रन की साझेदारी के बावजूद कभी लक्ष्य के करीब पहुंचने की स्थिति में भी नहीं दिखी और छह विकेट पर 184 रन ही बना सकी। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 24 रन देकर तीन विकेट चटकाए।


