कश्मीर में ‘चिल्ले कलां’ की सफेद चादर, ठिठुरेगा समस्त उत्तर भारत

 

श्रीनगर/चंडीगढ़. कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार को बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश हुई। कश्मीर में 40 दिन की सबसे तेज ठंड की अवधि ‘चिल्ला-ए-कलां’ की शुरुआत हो गई। गुलमर्ग में भारी बर्फबारी हुई और लगभग दो इंच बर्फ जम गई है। नियंत्रण रेखा के पास स्थित तंगधार सेक्टर को मुख्य कश्मीर घाटी से जोड़ने वाले साधना टॉप पर पर भी बर्फबारी हुई है और यहां लगभग छह इंच बर्फ जमा हो गई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान घाटी में बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान जताया है। चिल्ला-ए-कलां के पहले दिन हुई बारिश और बर्फबारी को अच्छी बर्फबारी का अग्रदूत माना जाता है। चिल्ला-ए-कलां की अवधि 30 जनवरी को खत्म होगी।

 

इधर, पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में रविवार को भीषण ठंड रही। दोनों राज्यों के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। इससे दृश्यता काफी कम हो गई। हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा 5.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। पंजाब में गुरदासपुर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के भिवानी में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 9.5 डिग्री, रोहतक में 10.8 डिग्री और सिरसा में 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना और बठिंडा में 8.6 डिग्री, पटियाला में 9.3 डिग्री और फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!