कोपरा जलाशय को मिली वैश्विक पहचान
बिलासपुर . छत्तीसगढ़ ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए बिलासपुर जिले के कोपरा जलाशय को राज्य का पहला रामसर स्थल घोषित किया है। इस अंतरराष्ट्रीय मान्यता के साथ कोपरा जलाशय अब विश्व स्तर पर महत्वपूर्ण आर्द्रभूमियों की सूची में शामिल हो गया है। यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ की जैव विविधता संरक्षण और सतत जल प्रबंधन में बढ़ती भूमिका को रेखांकित करती है।
कोपरा जलाशय को 12 दिसंबर 2025 को आधिकारिक रूप से रामसर स्थल का दर्जा प्रदान किया गया। यह मान्यता राज्य आर्द्रभूमि प्राधिकरण, वन विभाग के अधिकारियों, पर्यावरण विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं और स्थानीय समुदायों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। अधिकारियों के अनुसार कोपरा जलाशय एक विशिष्ट आर्द्रभूमि प्रणाली है, जो प्राकृतिक और मानव निर्मित विशेषताओं का संतुलित मिश्रण प्रस्तुत करती है। यह जलाशय मुख्य रूप से वर्षा जल पर निर्भर है और छोटी मौसमी नालियों से पोषित होता है, जिससे यह क्षेत्र के लिए एक अहम मीठे पानी का स्रोत बनता है।


