March 4, 2021
अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के परिपेक्ष्य में आयोजित हुआ नारी सम्मेलन समारोह
अकलतरा. सामाजिक संस्था वेल विशर फाउंडेशन द्वारा अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के परिपेक्ष्य में नारी सम्मेलन समारोह का आयोजन महावीर बाल संस्कार केंद्र में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विश्वविख्यात समाज सेविका पद्मश्री से पुरस्कृत फुलबासन यादव रहीं। उन्होंने अपने जीवन मे किए संघर्षों से अवगत कराया। वे कहती हैं कि बाल्यकाल में गरीबी का सामना करना पड़ा। जिस कारण शिक्षा भी प्राप्त न कर सकीं। दस वर्ष की आयु में उनका विवाह चरवाहे से कर दिया गया। भोजन प्राप्ति के लिए अत्यधिक कठिनाई होती थी। अशिक्षित होते हुए भी महिलाओं को संगठित किया। उन्हें रोजगार से जोड़ा और आज सैकड़ो गांव की लाखों महिलाओं को रोजगार उपलब्ध करा रही हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही जांजगीर एसडीएम मेनका प्रधान ने कहा कि महिलाएं परिश्रम कर किसी भी मुकाम को पा सकती हैं, साथ ही कविता के माध्यम से महिलाओं का हौसला बढ़ाया। गुरुघासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय से समाज कार्य विभाग की डीन प्रतिभा जे मिश्रा ने महिलाओं को कुटीर उद्योग से आर्थिक शशक्तिकरण के बारे में बताया। न्यूलाइफ हॉस्पिटल बिलासपुर से राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. गीतिका शर्मा ने महिलाओं व बच्चों के पोषण के बारे में बतलाया। जांजगीर स्टेट वेयर हाउसिंग कारपोरेसन ब्रांच मैनेजर दीपिका महेंद्र ने कहा कि महिलाए शिक्षित होकर जीवन मे बड़े लक्ष्यों को प्राप्त कर सकती हैं।
कार्यक्रम में राजेन्द कुमार सिंह स्कूल की शिक्षिका वर्षा यादव संस्था सदस्य रंजना सिंह, महावीर बाल शिक्षण समिति के अध्यक्ष अरविंद जैन ने भी संबोधित किया। स्वागत भाषण संस्था अध्यक्ष अविनाश सिंह, संचालन सचिव गौतम साहू और आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष छोटू कश्यप ने किया, कार्यक्रम में महावीर स्कूल का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य दिलेश्वर साहू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुशांत सिंह, रघुवीर सिंह, बिहारीलाल ताम्रकर, वीरेन्द्र जैन, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता गौरीरानी गुईन, पार्षद सुनीता सिंह, शारदा मौर्य, विपिन पांडे, अतुल शर्मा, मदन कश्यप, फडेन्द्र सिंह, संतोष पांडे और वेल विशर फाउंडेशन से कोषाध्यक्ष चिराग शर्मा, दीपक साहू, सुधीर केडिया, प्रशांत कोटांगले, प्रेम निर्मलकर, सुमन वैष्णव, आत्माराम साहू, अरविंद साहू, रामशंकर साहू, गोपाला सोनी, शरद बनाफर, सूरज साहू, प्रमोद कैवर्त सहित क्षेत्र से आई 500 महिलाएं कार्यक्रम में शामिल रहीं। कापन में महिलाओं द्वारा शराब दुकान के सामने 2 माह तक धरना प्रदर्शन कर उसे पूर्ण रूप से बंद करने हेतु स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।