केंद्र व राज्य सरकार के संयुक्त प्रयास से खत्म होगा नक्सलवाद : द्रोपदी मुर्मू

 

अंबिकापुर. देश भर के नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में शामिल हो रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकारों के प्रयासों से निकट भविष्य में ही वामपंथी उग्रवाद का उन्मूलन संभव हो जाएगा। यह बात राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मुख्यालय अंबिकापुर में जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कही। मुर्मू ने कहा कि आदिवासी समाज को दूसरे अन्य समाजों के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने हाल ही में हुए ‘बस्तर ओलंपिक’ में 1.65 लाख प्रतिभागियों की भागीदारी का उल्लेख करते हुए इसे गौरव की बात बताया। महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट टीम से हुई मुलाकात का जिक्र किया और टीम में शामिल आदिवासी खिलाड़ी क्रांति गौड़ की विशेष प्रशंसा की, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की।

 

राष्ट्रपति ने कहा कि पारंपरिक खेलों और जनजातीय संस्कृति को संरक्षित कर बढ़ावा दिया जाना चाहिए, क्योंकि आदिवासी समुदायों में प्राकृतिक खेल प्रतिभा प्रचुर मात्रा में है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति भवन में उनके कार्यकाल के दौरान ‘जनजातीय दर्पण’ संग्रहालय विकसित किया गया है। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और मंत्रिमंडल के सदस्य उपस्थित थे।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!