सीवी रमन यूनिवर्सिटी प्रबंधन पर एनएसयूआई ने लापरवाही के आरोप
बिलासपुर। कोटा क्षेत्र स्थित डॉ. सीवी रमन यूनिवर्सिटी से लापता बी-फार्मा के छात्र रोहित कुमार का 11 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। छात्र के अचानक गायब होने से परिजन परेशान हैं। वहीं पुलिस जांच अब तक किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है। सोमवार को इस मामले को लेकर नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के छात्र नेता यूनिवर्सिटी कैंपस पहुंचे और प्रबंधन से चर्चा की। इस दौरान लापता छात्र के परिजन भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। छात्र नेताओं ने कहा कि इतने बड़े विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि कैंपस में प्रवेश और निकास का रिकॉर्ड कैसे रखा जाता है, विजिटर रजिस्टर की व्यवस्था क्या है और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कौन-कौन से ठोस कदम उठाए गए हैं। बताया गया कि पूरे कैंपस में पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे तक नहीं लगे हैं और सुरक्षा व्यवस्था महज करीब आठ गार्डों के भरोसे चल रही है। इन खामियों को लेकर छात्र नेताओं और परिजनों में भारी नाराजगी देखी गई।


