हुड्डा के भोज में विपक्षी ताकत एक मंच पर
नयी दिल्ली. हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का दिल्ली के 15, तालकटोरा रोड स्थित आवास शुक्रवार को सिर्फ एक निजी भोज का स्थल नहीं, बल्कि विपक्ष की राजनीति के शक्ति-प्रदर्शन का केंद्र बन गया। संसद के भीतर राजनीतिक तल्खी के बीच, संसद से कुछ ही दूरी पर सियासत का एक अलग दृश्य नजर आया, जहां दलगत सीमाएं कुछ देर के लिए धुंधली होती दिखीं और संवाद, मेलजोल व संकेतों ने सुर्खियां बटोरीं।
इस भोज की सबसे अहम बात रही- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव व सांसद प्रियंका गांधी की मौजूदगी। उन्होंने न केवल कार्यक्रम में शिरकत की, बल्कि लगभग एक घंटे तक भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र हुड्डा के साथ समय बिताया। दोनों नेताओं ने स्वयं स्टॉल्स पर जाकर पारंपरिक हरियाणवी व्यंजनों का स्वाद लिया, जिसकी तस्वीरें और चर्चाएं देर शाम तक सोशल मीडिया पर छाई रहीं। हुड्डा की धर्मपत्नी आशा हुड्डा मेहमानों की मेजबानी करती नजर आईं। उन्होंने राहुल का सिर पुचकार कर आशीर्वाद भी दिया। हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष चौ. उदयभान सहित प्रदेश कांग्रेस के कई बड़े चेहरे नजर आए। हालांकि, सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला इससे दूर रहे।


