प्रधानमंत्री मोदी ने नवरात्र के अवसर पर लोगों को दीं शुभकामनाएं
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नवरात्र और हिंदू नववर्ष के अवसर पर बृहस्पतिवार को देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। भारत में पारंपरिक नववर्ष विभिन्न पर्वों के रूप में मनाया जाता है। प्रधानमंत्री ने नव संवत्सर, नवरात्र, गुड़ी पड़वा, उगादि, चेटी चंड, नवरेह और साजिबू चेराओबा के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये त्योहार नववर्ष के आगमन का प्रतीक हैं तथा अपने साथ नवचेतना, आशा और नयी संभावनाओं का भाव लेकर आते हैं। उन्होंने एक संदेश में कहा, ‘देशवासियों को नव संवत्सर की अनंत शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि यह नया साल आप सभी के जीवन में साहस, आत्मविश्वास एवं सेवा की भावना को और सशक्त करे जो राष्ट्र निर्माण के प्रयासों को भी नयी मजबूती दे।’ उन्होंने कहा,‘शक्तिस्वरूपा मां दुर्गा की असीम कृपा से सबका कल्याण हो जिससे विकसित भारत के हमारे संकल्प को भी नयी ऊर्जा मिले। जय अंबेड जगदंबे मां’। मोदी ने आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में मनाए जाने वाले नववर्ष पर्व उगादि के अवसर पर भी लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व परंपराओं पर आधारित है और नयी ऊर्जा एवं नयी शुरुआत का प्रतीक है.


